जयपुर, राजस्थान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी भर्ती 2019 और 2022 के तहत चयनित 220 नवचयनित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को प्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थापन दिया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने 13 अगस्त को अलग-अलग आदेश जारी कर पदस्थापन सूची जारी की है और अधिकारियों के लिए 14 अगस्त तक राजहेल्थ पोर्टल पर कार्यग्रहण करना अनिवार्य किया है।

यह जानकारी चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खीवसर ने दी।

2019 और 2022 भर्ती के अधिकारियों को मिली पोस्टिंग

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के अनुसार, कुल 220 अधिकारियों में 2019 भर्ती के 73 और 2022 भर्ती के 147 अधिकारी शामिल हैं।

वर्ष 2019 भर्ती के तहत गैर-अनुसूचित क्षेत्र में 69 अधिकारियों और अनुसूचित क्षेत्र में 4 अधिकारियों को पदस्थापन दिया गया है। वहीं वर्ष 2022 भर्ती में गैर-अनुसूचित क्षेत्र के 134 तथा टीएसपी क्षेत्र के 13 अधिकारियों को पोस्टिंग मिली है।

14 अगस्त तक जॉइनिंग अनिवार्य

नवचयनित खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को 14 अगस्त 2026 तक अपने नवीन पदस्थापन स्थल पर कार्यग्रहण करना अनिवार्य किया गया है। इसके लिए राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से जॉइनिंग प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

संबंधित अभिहित अधिकारी द्वारा उपस्थिति का सत्यापन किए जाने के बाद संबंधित आहरण एवं वितरण अधिकारी के माध्यम से उपस्थिति राजहेल्थ पोर्टल पर अपडेट की जाएगी।

खाद्य मिलावट के खिलाफ अभियान को मिलेगी मजबूती

विभाग के अनुसार, नए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की पदस्थापना से प्रदेश में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा की निगरानी को मजबूती मिलेगी। साथ ही खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ कार्रवाई को गति मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों की संख्या बढ़ने से ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान को भी जिलों में अधिक प्रभावी तरीके से लागू करने में मदद मिलेगी। विभाग का लक्ष्य आमजन को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा तंत्र को मजबूत करना है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...