जयपुर, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी सीधी भर्ती-2024 के तहत चयनित 7,903 अभ्यर्थियों के नियुक्ति एवं पदस्थापन आदेश जारी कर दिए हैं। विभाग ने पूरी प्रक्रिया राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से पूरी की है।

5 हजार कर्मचारियों को गृह जिले में मिली पोस्टिंग

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर और प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ के मार्गदर्शन में विभाग ने पदस्थापन प्रक्रिया में कर्मचारी हित को प्राथमिकता दी। विभाग के अनुसार करीब 5,000 नव-नियुक्त कर्मचारियों को उनके गृह जिले में पदस्थापन दिया गया है।

वहीं, 1,630 कर्मचारियों को नजदीकी जिले में पोस्टिंग मिली है। शेष कर्मचारियों को उनके गृह जिले के समीपवर्ती संभाग में पदस्थापन दिया गया है।

राजहेल्थ पोर्टल से ऑनलाइन हुआ पदस्थापन

विभाग के अनुसार पदस्थापन की पूरी प्रक्रिया राजहेल्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन संपन्न की गई। विभाग का कहना है कि इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई और कर्मचारियों को उनकी प्राथमिकताओं के अनुरूप पदस्थापन देने का प्रयास किया गया।

इस व्यवस्था से नव-नियुक्त कर्मचारियों को परिवार से दूर जाने की परेशानी से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे बेहतर तरीके से अपनी सेवाएं दे सकेंगे।

स्वास्थ्य संस्थानों में मजबूत होगा मानव संसाधन

निदेशक (अराजपत्रित) राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि विभाग का प्रयास रहा कि नव-नियुक्त कर्मचारियों को पारदर्शी, त्वरित और कर्मचारी हितैषी व्यवस्था के तहत पदस्थापन दिया जाए।

उन्होंने कहा कि चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की नियुक्ति से प्रदेश की स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक मानव संसाधन को मजबूती मिलेगी। इससे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के दैनिक संचालन में मदद मिलेगी और स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक बेहतर तरीके से पहुंचाने में नव-नियुक्त कर्मचारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...