राजस्थान में भारत टैक्सी सेवा की औपचारिक शुरुआत जल्द होने जा रही है। शासन सचिव, सहकारिता डॉ. समित शर्मा ने सेवा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि इस पहल का उद्देश्य टैक्सी चालकों (सारथियों) को मालिक के रूप में सशक्त बनाना और आमजन को पारदर्शी एवं किफायती दरों पर टैक्सी सेवा उपलब्ध कराना है।

उन्होंने अधिक से अधिक टैक्सी चालकों से इस सेवा से जुड़ने का आह्वान किया।

सारथियों को मिलेंगी कई सुविधाएं

डॉ. शर्मा ने बताया कि भारत टैक्सी सेवा से जुड़ने वाले सारथियों को एसबीआई मुद्रा ऋण प्राप्त करने में विशेष सुविधा मिलेगी। इसके तहत तीन वर्ष की आयकर विवरणी के बजाय केवल एक वर्ष की आयकर विवरणी के आधार पर ऋण लेने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

इसके अलावा सारथियों का इफको-टोकियो इंश्योरेंस के माध्यम से बीमा भी कराया जाएगा।

लक्ष्य पूरा करने पर मिलेगा गिफ्ट हैम्पर

उन्होंने बताया कि जो सारथी निर्धारित राइड लक्ष्य पूरा करेंगे, उन्हें प्रोत्साहन स्वरूप अमूल गिफ्ट हैम्पर भी दिया जाएगा।

शासन सचिव के अनुसार, अब तक 30 हजार से अधिक सारथी भारत टैक्सी सेवा से जुड़ चुके हैं, जबकि 18 हजार से ज्यादा चालक सक्रिय रूप से सेवाएं दे रहे हैं।

सरकारी संस्थानों से होगा जुड़ाव

भारत टैक्सी सेवा के विस्तार के लिए राजस्थान पुलिस, नगर निगम, एयरपोर्ट अथॉरिटी, राजस्थान रोडवेज और रेलवे सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों के साथ अनुबंध किए जाएंगे। इससे सेवा से जुड़े चालकों को अधिक व्यावसायिक राइड मिलने की संभावना बढ़ेगी।

डॉ. समित शर्मा ने अधिकारियों को जयपुर सहित प्रदेश में भारत टैक्सी सेवा का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...