राजस्थान में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने अनियमितता और राजकीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के आरोपों पर दो राजस्थान पुलिस सेवा (RPS) अधिकारियों तथा जेल सेवा की एक अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई को मंजूरी दी है।
सरकार के अनुसार, संबंधित मामलों में निलंबन, अनुशासनात्मक कार्रवाई और विभागीय जांच से जुड़े प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान की गई है।
महिला बंदी सुधार गृह की उपाधीक्षक निलंबित
मुख्यमंत्री ने महिला बंदी सुधार गृह, जयपुर में पदस्थापित उपाधीक्षक सरोज विश्नोई को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने तथा उनका मुख्यालय भरतपुर निर्धारित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है।
सरकार के अनुसार, प्राप्त शिकायत में आरोप लगाया गया था कि एक महिला बंदी का कार्यालयी कार्यों में हस्तक्षेप था तथा नियमों के विपरीत सुविधाएं उपलब्ध कराने के बदले धन लेने जैसी शिकायतें भी सामने आई थीं।
हत्या के मामले में लापरवाही पर RPS अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने जोधपुर पुलिस आयुक्तालय में तैनात सहायक पुलिस आयुक्त (साइबर क्राइम) देरावर सिंह के खिलाफ राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-16 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई को मंजूरी दी है।
सरकारी जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कामां (डीग) में पुलिस निरीक्षक रहते हुए उन्होंने हत्या के एक मामले की जांच में कथित रूप से लापरवाही बरती और आठ आरोपियों में से केवल एक को दोषी मानते हुए शेष सात को बचाने का प्रयास किया।
बजरी माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही के आरोप
मुख्यमंत्री ने RPS अधिकारी लाभुराम विश्नोई के विरुद्ध विभागीय जांच रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों को प्रमाणित मानते हुए उसका अनुमोदन भी किया है।
सरकारी बयान के अनुसार, सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के साथ समन्वय नहीं किया और निर्धारित निर्देशों की अवहेलना की, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होने तथा पुलिस दल की सुरक्षा पर जोखिम उत्पन्न होने की बात जांच में सामने आई।
जवाबदेही और पारदर्शिता पर सरकार का जोर
राज्य सरकार का कहना है कि इन निर्णयों का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यों में जवाबदेही तय करना, पारदर्शिता बढ़ाना और सरकारी कार्मिकों की कार्यशैली को अधिक प्रभावी बनाना है।






