जयपुर में राजस्थान मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को मंगलवार सुबह करीब 11 बजे फोन के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और सुरक्षा बल मौके पर पहुंचे तथा एहतियाती कार्रवाई शुरू की गई।
जयपुर डीसीपी साउथ राजश्री राज वर्मा के अनुसार, धमकी भरा कॉल पुलिस कंट्रोल रूम में आया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फोन करने वाले व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
धमकी भरा कॉल आते ही अलर्ट हुई पुलिस
पुलिस के मुताबिक, कॉल की सूचना मिलते ही संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया गया। पुलिस अधिकारियों और जवानों ने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था संभाली और पूरे मामले की जांच शुरू की।
डीसीपी राजश्री राज वर्मा ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने धमकी भरा कॉल किस वजह से किया था।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कॉल के पीछे किसी गंभीर साजिश का मकसद था या यह महज अफवाह फैलाने की कोशिश थी।
पहली बार फोन के जरिए CMO को धमकी
डीसीपी के मुताबिक, इससे पहले राजस्थान में इस तरह की धमकियां कई बार ईमेल के माध्यम से मिलती रही हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी फोन कॉल के जरिए मिलने का यह मामला पहली बार सामने आया है।
पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। संदिग्ध से पूछताछ के साथ धमकी वाले कॉल से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
विधानसभा से एयरपोर्ट तक मिल चुकी हैं धमकियां
राजस्थान में इससे पहले भी कई महत्वपूर्ण सरकारी और सार्वजनिक स्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। विधानसभा, रेलवे स्टेशन, हाईकोर्ट, सवाई मानसिंह अस्पताल और जयपुर एयरपोर्ट समेत कई स्कूलों और अस्पतालों को भी पूर्व में धमकी मिलने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
ऐसी सूचनाओं के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचकर एहतियातन परिसरों की जांच करती रही हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, पूर्व की कई घटनाओं में जांच के दौरान कोई विस्फोटक बरामद नहीं हुआ था।
फिलहाल CMO को मिली ताजा धमकी के मामले में पुलिस की जांच जारी है और हिरासत में लिए गए संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है।






