राज्य सरकार ने नगरीय निकायों की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए 24,752 संविदा सफाई कर्मचारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में स्वायत्त शासन विभाग द्वारा यह भर्ती राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के तहत की जाएगी।
विभाग के अनुसार, इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 15 अगस्त से 28 सितंबर 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन, निकायवार रिक्त पदों और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी।
क्या हैं पात्रता और जरूरी शर्तें?
भर्ती के लिए अभ्यर्थी का राजस्थान का मूल निवासी होना आवश्यक है। संविदा सफाई कर्मचारी पद के लिए कोई शैक्षणिक योग्यता निर्धारित नहीं की गई है।
आयु सीमा के अनुसार 1 जनवरी 2027 को अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।
इसके अलावा अभ्यर्थी के पास राज्य की किसी भी नगरीय निकाय में सफाई कार्य का कम से कम एक वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है। यह अनुभव लगातार या अलग-अलग अवधियों को जोड़कर भी मान्य होगा। अनुभव प्रमाण-पत्र निर्धारित प्रारूप में संबंधित नगरीय निकाय अथवा अधिकृत संस्था द्वारा जारी होना चाहिए।
अनुभव प्रमाण-पत्र और जनआधार से जुड़ी अहम बातें
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अनुभव प्रमाण-पत्र 1 अगस्त 2026 के बाद और आवेदन की अंतिम तिथि से पहले जारी किया गया होना चाहिए। इससे पहले जारी प्रमाण-पत्र मान्य नहीं होंगे।
साथ ही अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले अपना जनआधार कार्ड अपडेट रखने की सलाह दी गई है।
ऐसे होगा चयन
प्रत्येक अभ्यर्थी केवल एक ही नगरीय निकाय में आवेदन कर सकेगा। यदि कोई अभ्यर्थी एक से अधिक निकायों में आवेदन करता है तो उसके सभी आवेदन स्वतः निरस्त कर दिए जाएंगे।
चयन सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग द्वारा विकसित ऑनलाइन सॉफ्टवेयर के माध्यम से लॉटरी प्रणाली से किया जाएगा। प्राथमिकता उसी नगरीय निकाय में एक वर्ष का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को दी जाएगी। यदि पद रिक्त रहते हैं तो संबंधित जिले और उसके बाद राज्य के अन्य नगरीय निकायों में अनुभव रखने वाले पात्र अभ्यर्थियों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
संतोषजनक सेवा के बाद नियमित नियुक्ति का प्रावधान
स्वायत्त शासन विभाग के अनुसार चयनित संविदा सफाई कर्मचारियों की संतोषजनक सेवा पूर्ण होने पर उनके कार्य का नियमानुसार मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन में सफल पाए जाने पर राजस्थान कॉन्ट्रैक्चुअल हायरिंग टू सिविल पोस्ट्स रूल्स, 2022 के प्रावधानों के तहत उन्हें नियमित नियुक्ति दी जा सकेगी।
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजस्थान उच्च न्यायालय के पूर्व आदेशों के तहत जिन अभ्यर्थियों को प्राथमिकता देने के निर्देश हैं, उन्हें नियमानुसार लाभ दिया जाएगा, बशर्ते वे उसी नगरीय निकाय में आवेदन करें।






