जयपुर। राजस्थान पुलिस की साइबर क्राइम शाखा ने शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग के नाम पर कथित तौर पर करीब ₹500 करोड़ की देशव्यापी साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में महाराष्ट्र के पुणे से गिरोह के कथित मास्टरमाइंड युवराज सतीश मुदलियार (35) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट वारंट पर जयपुर लाया गया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।

मामले का खुलासा एक निवेशक से 16 लाख रुपये की साइबर धोखाधड़ी की शिकायत के बाद हुई जांच के दौरान हुआ।

WhatsApp ग्रुप के जरिए निवेश का झांसा

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (साइबर क्राइम) विजय कुमार सिंह ने बताया कि परिवादी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे ‘105 IND STOCKS ADV’ नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। वहां निवेश और ट्रेडिंग के जरिए भारी मुनाफे का लालच देकर उससे लाखों रुपये की ठगी की गई।

पुलिस ने जब ग्रुप के चैट रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा का तकनीकी विश्लेषण किया, तो सामने आया कि इसी ग्रुप के माध्यम से देशभर के कई लोगों को निशाना बनाकर करीब ₹500 करोड़ की कथित साइबर धोखाधड़ी की गई।

ऐसे रचते थे करोड़ों की ठगी का जाल

पुलिस के अनुसार, गिरोह पहले सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए लोगों को निवेश के लिए आकर्षित करता था। शुरुआत में भरोसा जीतने के लिए निवेश पर मामूली मुनाफा भी लौटाया जाता था।

जब पीड़ित बड़ी रकम निवेश कर देता, तो आरोपित उसे ग्रुप से हटा देते और संपर्क पूरी तरह बंद कर देते। इस तरह निवेशकों को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाया जाता था।

फर्जी कंपनियां, म्यूल खाते और क्रिप्टो का इस्तेमाल

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुणे में Grace Finance, Positive Balance और Guru Finance नाम से कथित फर्जी लोन कंपनियां संचालित करता था।

लोन दिलाने के बहाने लोगों के पैन कार्ड, आधार, बैंक स्टेटमेंट और अन्य दस्तावेज लेकर उनके नाम पर म्यूल बैंक खाते खुलवाए जाते थे। खाताधारकों को इसके बदले कथित तौर पर ₹10 हजार का कमीशन दिया जाता था।

पुलिस के अनुसार, ठगी की रकम इन खातों में जमा कराई जाती थी, जिसे बाद में नकद निकालकर हवाला नेटवर्क और क्रिप्टोकरेंसी (USDT) के माध्यम से विदेशों तक पहुंचाया जाता था।

तकनीकी जांच से पहुंची पुलिस मास्टरमाइंड तक

इस मामले की जांच डीआईजी साइबर क्राइम शांतनु कुमार सिंह के निर्देशन और एसपी सुमित मेहरड़ा के सुपरविजन में गठित विशेष टीम ने की। टीम ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी तक पहुंच बनाई।

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों और अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच कर रही है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...