राजस्थान पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी विशेष अभियान के शुरुआती 20 दिनों में 1,158 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 20 जुलाई से शुरू हुए इस अभियान में पुलिस ने 848 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 9,750 किलोग्राम से अधिक मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश और पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में चल रहा यह विशेष अभियान 20 अगस्त तक जारी रहेगा। पुलिस का फोकस विशेष रूप से व्यावसायिक मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी और बड़े तस्करी नेटवर्क पर है।
बीकानेर रेंज में सबसे ज्यादा 273 तस्कर गिरफ्तार
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार बीकानेर रेंज में सबसे अधिक 206 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज कर 273 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अन्य रेंज में अजमेर में 92 मामलों में 144, कोटा में 86 मामलों में 125, जोधपुर में 80 मामलों में 118, जयपुर में 96 मामलों में 117, उदयपुर में 111 मामलों में 185 और भरतपुर में 56 मामलों में 73 आरोपियों की गिरफ्तारी हुई।
वहीं जयपुर आयुक्तालय में 92 मामलों में 91 और जोधपुर आयुक्तालय में 29 मामलों में 32 आरोपी गिरफ्तार किए गए।
पुलिस ने डोडा पोस्त, डोडा चूरा, अफीम, गांजा, स्मैक, एमडीएमए और हेरोइन सहित विभिन्न मादक पदार्थ जब्त किए हैं।
हार्डकोर अपराधियों पर भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 2,067 हार्डकोर अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ 2,085 कार्रवाई की हैं। इनमें से अब तक 1,624 हार्डकोर अपराधियों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है।
अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 319 प्रकरण दर्ज किए गए और 396 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए सिर्फ आरोपियों की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं है, बल्कि मादक पदार्थों के स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
साइबर अपराध में ₹8.24 करोड़ होल्ड
अभियान के दौरान साइबर अपराध के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 624 साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 8 करोड़ 24 लाख रुपये से अधिक की राशि होल्ड कराई गई।
पुलिस ने साइबर अपराध पीड़ितों को 2 करोड़ 91 लाख 63 हजार रुपये से अधिक राशि वापस दिलाने की जानकारी दी है। वहीं अवैध खनन के खिलाफ 650 प्रकरणों में कार्रवाई की गई।
9,663 जगह नाकाबंदी, 7 लाख से ज्यादा वाहन जांचे
अभियान के दौरान पुलिस ने 9,663 स्थानों पर नाकाबंदी कर 7 लाख 4 हजार से अधिक वाहनों की जांच की। यातायात नियमों के उल्लंघन पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 2 लाख 32 हजार से अधिक कार्रवाई की गई।
इनमें शराब पीकर वाहन चलाने, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और ओवरलोडिंग सहित विभिन्न मामलों में कार्रवाई शामिल है।
महिला सुरक्षा और जनजागरूकता पर भी फोकस
विशेष अभियान के दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े 2,835 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अलावा पुलिस ने 7,545 स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए।
सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए 1,060 सीएलजी बैठकें भी आयोजित की गईं। पुलिस का उद्देश्य अपराध नियंत्रण के साथ आमजन के साथ संवाद और सुरक्षा संबंधी जागरूकता को बढ़ाना भी है।
20 अगस्त तक जारी रहेगा अभियान
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के दिशा-निर्देशों के तहत संगठित अपराध, साइबर अपराध, महिला अपराध और नशा तस्करी पर लगातार कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस के अनुसार इसका उद्देश्य अपराधियों में कानून का भय और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करना है।






