जयपुर। राजस्थान सरकार ने नागरिकों को घर बैठे डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ई-मित्र WhatsApp सेवा का दायरा बढ़ा दिया है। अब इस प्लेटफॉर्म पर जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेवीवीएनएल) और स्वायत्त शासन विभाग की 21 नई सेवाएं भी उपलब्ध करा दी गई हैं। इससे नागरिक बिजली और नगरीय सेवाओं का लाभ सीधे अपने मोबाइल पर WhatsApp के माध्यम से ले सकेंगे।
1.40 लाख से अधिक नागरिक उठा चुके हैं लाभ
सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 1 जुलाई को आयोजित नेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन ई-गवर्नेंस के दौरान ई-मित्र WhatsApp सेवा का शुभारंभ किया था।
उन्होंने बताया कि शुरुआत के बाद से अब तक 1.40 लाख से अधिक बार नागरिक इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। पहले चरण में 51 सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं, जिनमें अब 21 नई सेवाएं और जोड़ी गई हैं।
WhatsApp पर ऐसे शुरू करें सेवा
राज्य सरकार ने ई-मित्र WhatsApp सेवा के लिए 9461062705 नंबर जारी किया है।
नागरिक इस नंबर को मोबाइल में सेव कर WhatsApp पर “Hi”, “Hello”, “eMitra”, “Hi eMitra”, “Hello eMitra” या “Hi Team” लिखकर संदेश भेज सकते हैं। इसके बाद उपलब्ध सेवाओं की सूची में से आवश्यक सेवा चुनकर कुछ ही क्लिक में सुविधा प्राप्त की जा सकती है।
यह सेवा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है।
जेवीवीएनएल की ये 4 सेवाएं अब WhatsApp पर
ई-मित्र WhatsApp सेवा के माध्यम से अब जयपुर विद्युत वितरण निगम की निम्न सेवाएं उपलब्ध होंगी—
- बिजली संबंधी शिकायत दर्ज करना
- बिजली बिल डाउनलोड करना
- शिकायत की स्थिति जानना
- के-नंबर (K Number) खोजने की सुविधा
इन सेवाओं के लिए अब उपभोक्ताओं को बिजली कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
नगरीय निकायों की कई सेवाएं भी शामिल
स्वायत्त शासन विभाग की कई ऑनलाइन सेवाओं को भी इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है। अब नागरिक निम्न सेवाओं से संबंधित आवेदन की स्थिति और प्रमाण-पत्र डाउनलोड कर सकेंगे—
- फायर एनओसी
- ट्रेड लाइसेंस
- सीवर कनेक्शन
- यूडी टैक्स
- म्यूटेशन
- साइनेज लाइसेंस
- वन टाइम लीज डीड
- स्ट्रीट वेंडर लाइसेंस
जल्द ई-मित्र ऐप और कियोस्क पर भी मिलेंगी सुविधाएं
विभाग के अनुसार इन सभी सेवाओं को API इंटीग्रेशन के माध्यम से जल्द ही ई-मित्र मोबाइल एप और ई-मित्र कियोस्क पर भी उपलब्ध कराया जाएगा।
हिमांशु गुप्ता ने कहा कि ई-मित्र WhatsApp सेवा का उद्देश्य ‘वन प्लेटफॉर्म, मल्टीपल गवर्नमेंट सर्विसेज’ उपलब्ध कराना है। विभाग चरणबद्ध तरीके से अधिक से अधिक सरकारी सेवाओं को इस प्लेटफॉर्म से जोड़ने की दिशा में कार्य कर रहा है।






