राजस्थान में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रदेशव्यापी अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में विभिन्न जिलों में नाकाबंदी, सघन गश्त और लगातार दबिश देकर अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इस अभियान के तहत हजारों लीटर वॉश नष्ट करने के साथ कई कच्ची शराब की भट्टियों को ध्वस्त किया गया है। साथ ही अवैध शराब और स्पिरिट भी जब्त की गई है।
सीकर से हनुमानगढ़ तक ताबड़तोड़ कार्रवाई
आबकारी विभाग के अनुसार सीकर जिले में ईपीएफ टीम सीकर और नागौर की संयुक्त कार्रवाई में जयपुर जंक्शन क्षेत्र की सीमा पर बड़ी मात्रा में स्पिरिट और अवैध मदिरा जब्त की गई।
वहीं हनुमानगढ़ जिले के गंगागढ़, देबूघाट, दड़बली बास मौलवी और घग्गर बहाव क्षेत्र में दबिश देकर 4,500 लीटर वॉश और 8 कच्ची शराब की भट्टियां नष्ट की गईं। इसके अलावा भारतमाला एक्सप्रेस-वे स्थित नगराना टोल पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच भी की गई।
बांसवाड़ा और चित्तौड़गढ़ में भी कार्रवाई
बांसवाड़ा जिले के दानपुर और अंबापुरा क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान 3,000 लीटर वॉश, 2 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं तथा 35 बोतल अवैध हथकड़ शराब बरामद की गई।
उधर चित्तौड़गढ़ जिले में ईपीएफ टीम निम्बाहेड़ा ने 500 लीटर वॉश नष्ट कर 30 लीटर अवैध शराब जब्त की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान जारी
आबकारी विभाग ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, आबकारी उपायुक्त, जिला आबकारी अधिकारी, आबकारी निरीक्षक और आबकारी निरोधक दल लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।
विभाग का कहना है कि अवैध शराब के निर्माण और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।






