राजस्थान में आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी विवाद या घटना से माहौल प्रभावित होने पर पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालें।
त्योहारों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण बैठक ली।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बारावफात, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी जैसे प्रमुख पर्व आयोजित होने हैं। ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
विवाद की स्थिति में IG-SP तुरंत पहुंचे
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कहीं विवाद या किसी अन्य घटना के कारण माहौल प्रभावित होता है तो संबंधित पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस अधीक्षक बिना देरी किए मौके पर पहुंचें।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों की त्वरित मौजूदगी से स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सकेगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जनसहभागिता पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि त्योहारों के दौरान जनसहभागिता और आमजन के साथ प्रभावी समन्वय बेहद जरूरी है।
उन्होंने पुलिस-प्रशासन को स्थानीय लोगों से लगातार संपर्क बनाए रखने और छोटी-बड़ी सूचनाएं समय पर प्राप्त करने की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। इससे किसी संभावित स्थिति पर समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
यातायात व्यवस्था पर भी विशेष फोकस
त्योहारी आयोजनों के दौरान बाजारों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से सुरक्षा के साथ यातायात प्रबंधन के लिए भी प्रभावी योजना तैयार करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
समीक्षा बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।






