जयपुर, प्रदेश में मिलावटखोरी के खिलाफ चल रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने गुरुवार को जयपुर और अलवर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में की गई कार्रवाई में बड़ी मात्रा में संदिग्ध और दूषित खाद्य सामग्री पकड़ी गई।
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि जनस्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों में मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
जयपुर में 2865 किलो दूषित मिठाई नष्ट
जयपुर जिले में खाद्य सुरक्षा टीम ने दो स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 2865 किलो मिठाई नष्ट कराई।
सांगानेर में 1605 किलो सड़ी मिठाई मिली
सांगानेर के असावाला स्थित शंकर लाल मावा वाले एंड कैटर्स प्रा. लि. के कारखाने में जांच के दौरान 107 जंग लगे टीनों में करीब 1605 किलो सड़ी और दुर्गंधयुक्त मिठाइयां मिलीं।
जांच टीम के अनुसार चाशनी में कीड़े और अत्यधिक गंदगी मिली। खाद्य सामग्री के पास एसिड के कैन भी पाए गए।
टीम ने पूरी मिठाई मौके पर नष्ट कराई। इसके साथ ही मावा और काजू कतली के नमूने जांच के लिए लिए गए।
बगरू में 1260 किलो मिठाई नष्ट
ग्राम घेघा, बगरू स्थित श्री श्याम स्वीट एवं मिल्क केक पर भी कार्रवाई की गई।
यहां करीब 1260 किलो मिल्क केक और डोडा बर्फी नष्ट कराई गई। जांच के दौरान निर्माण इकाई बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित पाई गई, जिसके बाद निर्माण कार्य तत्काल रुकवा दिया गया।
अलवर में 10,070 किलो मसाले जब्त
अलवर के एमआईए क्षेत्र स्थित सप्तऋषि गोल्ड स्पाइसेज पर कार्रवाई के दौरान धनिया, हल्दी, मिर्च और मिश्रित मसालों के कुल 8 नमूने लिए गए।
जांच रिपोर्ट आने तक विभाग ने:
- 4500 किलो धनिया
- 3000 किलो हल्दी
- 2400 किलो मिर्च
- 170 किलो मिश्रित मसाले
जब्त किए हैं। कुल जब्त मसालों की मात्रा 10,070 किलो है।
विभाग ने असुरक्षित पाए गए धनिया पाउडर के बैच नंबर AS-159 के लिए रिकॉल के निर्देश भी जारी किए हैं।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि खाद्य सुरक्षा टीमों को पूरे प्रदेश में सघन निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
जहां भी खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाएगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इसमें लाइसेंस के खिलाफ कार्रवाई, खाद्य सामग्री को नष्ट करना और अन्य वैधानिक कार्रवाई शामिल है।
उन्होंने बताया कि लिए गए नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्मों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेशभर में जारी रहेगा अभियान
विभाग के अधिकारियों के अनुसार ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान लगातार जारी रहेगा। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।






