जयपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार, 15 अगस्त को राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने लोकभवन में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद आरएसी गारद ने राज्यपाल को सलामी दी। इस दौरान उन्होंने सभी से राष्ट्र की समृद्धि और सम्पन्नता के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
विद्यार्थियों से किया संवाद, बांटी मिठाई
ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद राज्यपाल ने लोकभवन परिसर स्थित राजकीय विद्यालय के उच्च प्राप्तांक वाले विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को उपहार और मिठाई वितरित की तथा उनके साथ तिरंगा लहराकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
राज्यपाल ने बच्चों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की समृद्धि और सम्पन्नता के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लोकभवन परिसर में फलों के पौधे लगाए।
उन्होंने पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
लोकभवन के अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्यपाल के सचिव डॉ. पृथ्वी, प्रमुख विशेषाधिकारी राजकुमार सागर सहित लोकभवन के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।






