जयपुर: राज्य सरकार के निर्देश पर प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में नाकाबंदी, गश्त और दबिश की कार्रवाई की जा रही है।

आबकारी विभाग के अनुसार अभियान में वॉश, हथकड़ मदिरा और दूसरे राज्यों से लाई जा रही मदिरा के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। 22 सितंबर तक की कार्रवाई में 742 अभियोग दर्ज किए गए और अवैध मदिरा के कारोबार से जुड़े 271 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

1.11 करोड़ से ज्यादा की अंग्रेजी मदिरा जब्त

अभियान के दौरान 10,089 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा (IMFL) जब्त की गई, जिसकी बाजार कीमत ₹1,11,05,030 बताई गई है।

इसके अलावा 1,934 लीटर देशी मदिरा जिसकी कीमत ₹5,24,863, 562 लीटर बीयर जिसकी कीमत ₹1,17,345, 6,905 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट जब्त की गई।

विभाग ने कार्रवाई के दौरान 2,50,914 लीटर वॉश भी नष्ट किया।

30 वाहन भी जब्त

अवैध मदिरा के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अभियान के तहत एक बड़ा वाहन, 7 चार पहिया वाहन और 22 दुपहिया वाहन, कुल 30 वाहन जब्त किए गए।

जयपुर ग्रामीण में 25 हजार लीटर वॉश नष्ट

आबकारी टीम ने जयपुर ग्रामीण में कार्रवाई करते हुए 25 हजार लीटर वॉश और 15 मदिरा भट्टियां नष्ट कीं। इस दौरान 90 लीटर हथकड़ शराब भी जब्त की गई।

वहीं जयपुर के झोटवाड़ा में 366 देशी मदिरा के पव्वे और एक मोटरसाइकिल जब्त करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

चूरू के सुजानगढ़ में भी दबिश

चूरू जिले में आबकारी थाना सुजानगढ़ क्षेत्र के बढ़ाबर टांडा और भानीसरिया तेजा में दबिश दी गई।

कार्रवाई के दौरान 300 लीटर वॉश और एक मदिरा भट्टी नष्ट की गई। साथ ही 4 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।

रतनगढ़ में 295 पव्वे जब्त

रतनगढ़ में कार्रवाई के दौरान 295 पव्वे देशी शराब और 3 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त कर अभियोग दर्ज किए गए।

सीकर में 400 लीटर वॉश नष्ट

सीकर जिले में भी आबकारी विभाग ने कार्रवाई की। यहां 400 लीटर वॉश और एक मदिरा भट्टी नष्ट की गई।

नागौर से लेकर टोंक तक कार्रवाई

नागौर के मेड़ता क्षेत्र में पादुकला में अलग-अलग ब्रांड की देशी और अंग्रेजी मदिरा तथा बीयर के कार्टन जब्त किए गए। जेजासनी गांव में 1,500 लीटर वॉश नष्ट कर 7 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई।

श्रीगंगानगर में 150 लीटर वॉश नष्ट कर 10 लीटर हथकड़ मदिरा जब्त की गई। टोंक में 1,500 लीटर वॉश के साथ दो मदिरा भट्टियां नष्ट की गईं।

दूसरे राज्यों की मदिरा पर भी कार्रवाई

डीग में किंगफिशर बीयर, घूंघरू देशी मदिरा, ग्रीन लेबल अंग्रेजी मदिरा और हथकड़ शराब जब्त की गई तथा करीब 1,000 लीटर वॉश नष्ट किया गया।

बांसवाड़ा के कुशलगढ़ में मध्यप्रदेश में बिक्री के लिए निर्धारित 24 माउंट 6000 बीयर कैन जब्त कर अभियोग दर्ज किया गया।

आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों में नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त के जरिए अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी है। विशेष अभियान 14 से 30 सितंबर 2026 तक चलाया जा रहा है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...