राजस्थान आबकारी विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए नवीनीकरण से शेष रहे 11 मदिरा दुकान क्लस्टरों (समूहों) की ऑनलाइन ई-नीलामी 7 अगस्त 2026 को आयोजित करने की घोषणा की है। यह नीलामी विभाग की आबकारी एवं मद्य संयम नीति 2025-29 में संशोधन के प्रावधानों के तहत कराई जाएगी।

आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशानुसार ई-नीलामी 7 अगस्त को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी।

11 क्लस्टरों में 14 दुकानों का होगा बंदोबस्त

विभाग के अनुसार प्रदेश में नवीनीकरण के बाद शेष बचे 11 क्लस्टरों की 14 मदिरा दुकानों का बंदोबस्त ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा।

इच्छुक बोलीदाता विभाग के ई-ऑक्शन पोर्टल पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पंजीकरण कर बोली लगा सकेंगे।

एसएसओ आईडी और पंजीकरण अनिवार्य

ई-नीलामी में भाग लेने के लिए आवेदक के पास राजस्थान एसएसओ आईडी होना आवश्यक है। एसएसओ आईडी के माध्यम से लॉगिन कर विभागीय ई-ऑक्शन पोर्टल पर एक बार पंजीकरण करने के बाद ही ऑनलाइन बोली लगाई जा सकेगी।

विभाग ने बताया कि आवेदन शुल्क और अमानत राशि का ऑनलाइन भुगतान नीलामी से एक दिन पहले रात 11:59 बजे तक जमा कर देना चाहिए, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।

ऐसे होगी बोली प्रक्रिया

विभाग के अनुसार ई-नीलामी की अवधि न्यूनतम 5 घंटे होगी। इसके बाद यदि बोली जारी रहती है तो प्रत्येक नई बोली के साथ 10-10 मिनट का स्वतः विस्तार मिलता रहेगा।

बोली कम से कम 10 हजार रुपये या उसके गुणांक में बढ़ाई जा सकेगी। वहीं, एक बार में पिछली बोली या रिजर्व प्राइस से 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि स्वीकार नहीं होगी।

प्रत्येक क्लस्टर के लिए निर्धारित न्यूनतम रिजर्व प्राइस का 2 प्रतिशत अमानत राशि के रूप में जमा कराना अनिवार्य होगा। आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त डायनेमिक अर्नेस्ट मनी भी जमा करनी होगी।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि भुगतान समय पर नहीं होने या तकनीकी कारणों से राशि जमा नहीं होने पर बोली में भाग नहीं ले पाने की जिम्मेदारी स्वयं आवेदक की होगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...