जयपुर, राजस्थान के गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने डीग जिले की पहाड़ी तहसील के मीलखेड़ा स्थित मदरसे में सेफ्टी टैंक की सफाई के दौरान हुए हादसे को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि छात्राओं से इस प्रकार का जोखिमपूर्ण कार्य कराना नियमों के विरुद्ध, निंदनीय और शर्मनाक है।

उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


एक छात्रा की मौत, घायलों का इलाज जारी

भरतपुर सर्किट हाउस में शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान गृह राज्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया था।

उन्होंने बताया कि हादसे में एक छात्रा की मृत्यु अत्यंत दुखद है, जबकि घायल छात्राओं का अलवर के अस्पताल में उपचार चल रहा है। सरकार ने जिला प्रशासन को सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं और डीग जिला कलक्टर पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं।


एफआईआर दर्ज, निष्पक्ष जांच के निर्देश

बेढ़म ने कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्राओं से सेफ्टी टैंक की सफाई जैसा कार्य कराना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने कहा कि इस घटना पर संस्थान के संचालकों के साथ-साथ समाज को भी आत्ममंथन करने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और निष्पक्ष जांच के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने पर जोर

गृह राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता घायल छात्राओं का बेहतर इलाज, उनकी सुरक्षा और उन्हें शीघ्र पुनः शिक्षा से जोड़ना है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि किसी भी बच्चे को इस प्रकार की दर्दनाक घटना का सामना न करना पड़े।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...