मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे एक माह के विशेष अभियान के पहले सप्ताह में व्यापक कार्रवाई की गई है। 20 जुलाई से 20 अगस्त 2026 तक चल रहे इस अभियान के तहत हार्डकोर अपराधियों, साइबर ठगों, नशा तस्करों, अवैध हथियार रखने वालों और अवैध खनन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि अभियान का उद्देश्य प्रदेश में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और जीरो टॉलरेंस नीति को धरातल पर लागू करना है।
744 हार्डकोर अपराधी गिरफ्तार
अभियान के पहले सात दिनों में पुलिस ने 1,715 चिन्हित हार्डकोर अपराधियों के विरुद्ध 529 कानूनी एवं निरोधात्मक कार्रवाई की। इस दौरान 744 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारियों में जोधपुर रेंज 331 गिरफ्तारियों के साथ पहले, उदयपुर रेंज 100 गिरफ्तारियों के साथ दूसरे और बीकानेर रेंज 67 गिरफ्तारियों के साथ तीसरे स्थान पर रही। वहीं अजमेर रेंज और जयपुर पुलिस आयुक्तालय में 60-60 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
साइबर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई
साइबर अपराध के मामलों में पुलिस ने 1,245 साइबर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 258 आरोपियों को गिरफ्तार किया। अभियान के दौरान साइबर ठगों से ₹2.45 करोड़ से अधिक की राशि बरामद की गई, जबकि ₹86.83 लाख पीड़ितों को वापस दिलाए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामद राशि के मामले में जयपुर पुलिस आयुक्तालय और जयपुर रेंज सबसे आगे रहे।
नशा तस्करों पर भी कसा शिकंजा
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में 339 एनडीपीएस प्रकरण दर्ज किए गए और 477 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
इस अभियान में बीकानेर रेंज में सबसे अधिक 83 मामले दर्ज हुए, जबकि 110 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा जयपुर पुलिस आयुक्तालय, कोटा रेंज और जयपुर रेंज में भी बड़ी संख्या में एनडीपीएस मामलों में कार्रवाई की गई।
अवैध हथियार, खनन और शांति व्यवस्था पर कार्रवाई
राजस्थान पुलिस ने अभियान के दौरान आर्म्स एक्ट के तहत 132 प्रकरण दर्ज किए। वहीं अवैध खनन के खिलाफ 260 मामलों में कार्रवाई की गई।
इसके अलावा प्रदेशभर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3,337 मामलों में धारा 170 बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
वाहनों की जांच और यातायात नियमों पर सख्ती
विशेष अभियान के दौरान प्रदेशभर में 9,683 नाकाबंदी पॉइंट बनाकर 2.90 लाख से अधिक वाहनों की जांच की गई। यातायात नियमों के उल्लंघन पर 86,793 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
इसके अलावा सुरक्षित यातायात अभियान के तहत 2.66 लाख से अधिक वाहन चालकों पर भी विभिन्न यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कार्रवाई की गई।
महिला सुरक्षा और जनजागरूकता पर भी जोर
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा को लेकर 3,199 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। साथ ही पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में 551 कम्युनिटी लाइजन ग्रुप (सीएलजी) की बैठकें भी आयोजित की गईं।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि प्रदेश में संगठित अपराध, साइबर ठगी, नशा तस्करी और महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए यह अभियान 20 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा।






