राजस्थान में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस ने 2 जुलाई से 16 जुलाई 2026 तक राज्यव्यापी विशेष प्रवर्तन अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले ही दिन प्रदेशभर में 18,477 वाहन चालकों के खिलाफ यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की गई।
महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा के निर्देश तथा पुलिस प्रशिक्षण एवं यातायात महानिदेशक अनिल पालिवाल के पर्यवेक्षण में सभी जिला पुलिस अधीक्षकों और पुलिस उपायुक्तों की निगरानी में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है।
किन नियमों के उल्लंघन पर हो रही कार्रवाई?
इस विशेष अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों सहित अन्य सड़कों पर अवैध पार्किंग करने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (यातायात) डॉ. बी.एल. मीणा ने बताया कि अभियान के दौरान “बिना हेलमेट नहीं सफर”, “चालक और सहयात्री दोनों के लिए हेलमेट अनिवार्य” तथा “आईएसआई मार्क हेलमेट ही जीवन रक्षा का साधन” जैसे संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।
पहले दिन किस श्रेणी में कितनी कार्रवाई हुई?
राजस्थान पुलिस के अनुसार, अभियान के पहले दिन 2 जुलाई को कुल 18,477 प्रवर्तन कार्रवाइयाँ की गईं। इनमें—
- 7,104 चालकों पर बिना हेलमेट वाहन चलाने पर कार्रवाई।
- 5,133 चालकों पर ओवरस्पीडिंग के मामले में कार्रवाई।
- 3,082 वाहन चालकों पर अवैध पार्किंग के लिए कार्रवाई।
- 3,158 वाहन चालकों पर राष्ट्रीय राजमार्गों और एक्सप्रेस-वे पर लेन अनुशासन का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की गई।
आमजन से पुलिस की अपील
राजस्थान पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता दें और यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाला दोनों हेलमेट अवश्य पहनें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, केवल अधिकृत स्थानों पर ही वाहन पार्क करें तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर लेन अनुशासन बनाए रखें।
पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी और यातायात नियमों का पालन सबसे प्रभावी उपाय है।






