जयपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय ने पुलिसिंग को आधुनिक, तकनीक आधारित और डेटा संचालित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘यंग प्रोफेशनल्स’ के पांच पदों पर संविदा (कॉन्ट्रैक्ट) आधार पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह पहल पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में शुरू की गई है।

पांच विशेषज्ञ पदों पर होगी भर्ती

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (अपराध) बिपिन कुमार पाण्डेय ने बताया कि भर्ती निम्नलिखित क्षेत्रों के लिए की जाएगी

  • क्राइम डेटा एनालिस्ट
  • नवीन न्याय संहिताओं की मॉनिटरिंग
  • रोड सेफ्टी
  • ड्रग कंट्रोल
  • आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI)

प्रत्येक क्षेत्र के लिए एक-एक पद निर्धारित किया गया है। चयनित अभ्यर्थियों को ₹45,000 प्रतिमाह का निश्चित मानदेय दिया जाएगा। नियुक्ति एक वर्ष के लिए पुलिस मुख्यालय, जयपुर में संविदा आधार पर होगी।

ये होंगे प्रमुख कार्य

चयनित विशेषज्ञों को महिला एवं बाल अपराध सहित विभिन्न अपराधों के आंकड़ों का विश्लेषण, भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग, सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों का अध्ययन, मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क का विश्लेषण तथा पुलिसिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देने का कार्य सौंपा जाएगा।

ऐसे करें आवेदन

इन पदों के लिए आवेदन प्रारूप, शैक्षणिक योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और अन्य विस्तृत जानकारी राजस्थान पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

आधिकारिक वेबसाइट:
राजस्थान पुलिस

इच्छुक अभ्यर्थी अपने आवेदन और आवश्यक दस्तावेजों की एक पीडीएफ तैयार कर adgp.reorganisation@rajpolice.gov.in पर ई-मेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आवेदन ऑफलाइन भी कमरा संख्या-217, द्वितीय तल, पुलिस मुख्यालय, लालकोठी, जयपुर-302015 में व्यक्तिगत रूप से अथवा डाक के माध्यम से जमा किए जा सकते हैं।

15 दिन के भीतर करना होगा आवेदन

विज्ञापन प्रकाशित होने की तिथि से 15 दिनों के भीतर आवेदन पुलिस मुख्यालय में प्राप्त होना आवश्यक है। राजस्थान पुलिस ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि भर्ती से संबंधित किसी भी संशोधन या नई सूचना के लिए विभागीय वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...