झालावाड़। जिले के भवानीमंडी में सामूहिक भोज के बाद करीब 90 लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। प्रारंभिक तौर पर फूड प्वाइजनिंग की आशंका जताई गई है। सभी प्रभावित लोगों को उपचार के लिए अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया गया। प्रशासन के अनुसार अधिकांश मरीजों की हालत अब सामान्य है।
बाड़मेर में मासूम से दुष्कर्म का मामला
बाड़मेर। जिले में एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष
खैरथल-तिजारा। जिले में जमीन विवाद को लेकर बंजारा समाज के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस संघर्ष में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दौसा में छात्राओं से छेड़छाड़ मामले में धरना जारी
दौसा। स्कूली छात्राओं से कथित छेड़छाड़ के वायरल वीडियो मामले में मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चल रहे धरने के दौरान पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में पांच युवकों को हिरासत में लिया।
मुख्यमंत्री आज करेंगे समीक्षा बैठक
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सोमवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में आयोजित ‘राज उन्नति’ बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा करेंगे। इसके बाद शाम को वे बिड़ला ऑडिटोरियम में यमुना समझौते से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे।






