जयपुर। राजस्थान सरकार ने राजस्थान समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में आमजन की राय और सुझाव प्राप्त करने के लिए 10 और 11 जुलाई 2026 को जयपुर में दो दिवसीय संभाग स्तरीय जनसुनवाई आयोजित करने का निर्णय लिया है। यह जनसुनवाई जिला कलक्टर सभागार, जयपुर में आयोजित होगी।
राजस्थान समान नागरिक संहिता-2026 समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघ्न सिंह होंगे। समिति में जयपुर संभागीय आयुक्त, गृह विभाग के प्रतिनिधि, जिला कलक्टर, उप विधि परामर्शी सहित विभिन्न प्रशासनिक अधिकारी और विशेषज्ञ सदस्य शामिल रहेंगे।
पहले दिन जनप्रतिनिधियों और आमजन से लिए जाएंगे सुझाव
10 जुलाई को सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, नगर निकायों के अध्यक्षों, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सुझाव लिए जाएंगे।
इसके बाद दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक जयपुर संभाग के विभिन्न जिलों से आए आम नागरिकों की जनसुनवाई होगी। इस सत्र की अध्यक्षता सेवानिवृत्त आईएएस शत्रुघ्न सिंह करेंगे।
11 जुलाई को जयपुर जिले के नागरिकों के लिए अलग जनसुनवाई
11 जुलाई को सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जयपुर जिले के शेष नागरिकों के लिए अलग जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस सत्र का संचालन समिति सदस्य डॉ. शुचि चौहान करेंगी।
व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश
संभागीय आयुक्त वे. सरवण कुमार ने जिला कलक्टर जयपुर को जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित जनप्रतिनिधियों, संस्थाओं और अन्य हितधारकों को आमंत्रित कर अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया है।





