जयपुर। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के तहत 9 अलग-अलग पदों के लिए साक्षात्कार कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत 31 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। विस्तृत कार्यक्रम आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।
चिकित्सा शिक्षा विभाग के इन पदों के होंगे इंटरव्यू
सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) भर्ती-2024 के अंतर्गत
- 31 जुलाई 2026 को सुपर स्पेशियलिटी के तहत पेडियाट्रिक्स कार्डियोथोरेसिक एंड वैस्कुलर सर्जरी, क्लीनिकल इम्यूनोलॉजी एंड रूमेटोलॉजी तथा मेडिकल ऑन्कोलॉजी विषयों के साक्षात्कार होंगे।
- 3 अगस्त 2026 को मेडिकल गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
- 4 से 14 अगस्त 2026 तक ब्रॉड स्पेशियलिटी-जनरल मेडिसिन के पदों के लिए साक्षात्कार होंगे।
कृषि विभाग और कॉलेज शिक्षा की भर्तियां भी शामिल
आयोग के अनुसार एग्रीकल्चर रिसर्च ऑफिसर (एग्रीकल्चर केमिस्ट्री), कृषि विभाग भर्ती-2022 के लिए साक्षात्कार 31 जुलाई 2026 को आयोजित किए जाएंगे।
इसके अलावा 3 से 14 अगस्त 2026 के बीच
- सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) भर्ती-2023 के इतिहास विषय के लिए साक्षात्कार का 12वां चरण,
- लाइब्रेरियन (कॉलेज शिक्षा विभाग) भर्ती-2023 के साक्षात्कार का पांचवां चरण,
- तथा सब-इंस्पेक्टर (टेलीकॉम), गृह (ग्रुप-1) विभाग भर्ती-2024 के साक्षात्कार का प्रथम चरण आयोजित किया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश
आरपीएससी ने अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय
- नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो,
- स्पष्ट फोटोयुक्त मूल पहचान-पत्र,
- तथा सभी मूल प्रमाण-पत्र एवं उनकी फोटोकॉपी
साथ लेकर उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक दस्तावेज नहीं लाने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल नहीं किया जाएगा।
आयोग ने बताया कि साक्षात्कार पत्र (Interview Letter) निर्धारित समय पर उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।






