राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने एसआई भर्ती-2021 से जुड़े अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए आगामी 20 सितंबर 2026 को प्रस्तावित पुनः परीक्षा में शामिल होने का अवसर दिया है। आयोग ने वर्ष 2021 की मूल भर्ती में ऑनलाइन आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थियों को अस्थायी रूप से पुनः परीक्षा में शामिल होने की अनुमति प्रदान की है।

इसके लिए इच्छुक अभ्यर्थियों को 8 जुलाई से 22 जुलाई 2026 के बीच अपने आवेदन पत्र में निर्धारित विवरण अपडेट करना होगा। जिन अभ्यर्थियों ने 8 मई 2026 के प्रेस नोट के अनुसार पहले ही आवेदन अपडेट कर दिया है, उन्हें दोबारा संशोधन करने की आवश्यकता नहीं होगी।

ओटीपी सत्यापन और KYC प्रक्रिया होगी अनिवार्य

आयोग के अनुसार आवेदन संशोधन से पहले अभ्यर्थियों को अपने वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) में KYC प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके तहत लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे का निशान अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।

संशोधन के बाद स्क्रीन पर प्रदर्शित स्वघोषणा पत्र स्वीकार कर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन करना होगा। यह प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।

इन जानकारियों में ही होगा संशोधन

अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से My Recruitment सेक्शन में जाकर आवेदन अपडेट कर सकेंगे। केवल मोबाइल नंबर, ई-मेल आईडी, पत्राचार का पता, लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान में ही संशोधन की अनुमति होगी।

आयु, शैक्षणिक योग्यता, आरक्षण एवं अन्य मूल प्रविष्टियों में कोई बदलाव नहीं किया जा सकेगा। यदि आवेदन नई एसएसओ आईडी या ओटीआर में ट्रांसफर करने में तकनीकी समस्या आती है, तो अभ्यर्थी 15 जुलाई 2026 तक आयोग के कैंडिडेट ग्रीवेंस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद लिया गया निर्णय

आयोग सचिव ने बताया कि यह निर्णय 2 जुलाई 2026 को राजस्थान हाईकोर्ट, जयपुर द्वारा पारित अंतरिम आदेश की अनुपालना में लिया गया है। भर्ती की पात्रता शर्तें 3 फरवरी 2021 के मूल विज्ञापन और 7 जून 2021 के शुद्धिपत्र के अनुसार यथावत रहेंगी, जबकि परीक्षा का पाठ्यक्रम 22 मई 2026 को जारी प्रेस नोट के अनुसार लागू रहेगा।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...