जयपुर। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने 5 जुलाई 2026 को आयोजित लिपिक ग्रेड-II / कनिष्ठ सहायक संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2026 का मास्टर प्रश्न पत्र तथा प्रारंभिक उत्तर कुंजी (प्रोविजनल आंसर-की) जारी कर दी है। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर इसे देख सकते हैं।
26 से 28 जुलाई तक ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की सचिव श्रीमती प्रीति माथुर ने बताया कि प्रारंभिक उत्तर कुंजी पर आपत्तियां 26 जुलाई 2026 को रात्रि 12:01 बजे से 28 जुलाई 2026 को रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन दर्ज कराई जा सकेंगी।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रश्न पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 100 रुपये प्रति आपत्ति शुल्क निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन लिंक से शुल्क का भुगतान कर आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
ऑफलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी व्यवस्था
बोर्ड ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन आवेदन किया था और परीक्षा में शामिल हुए हैं, वे भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
ऐसे अभ्यर्थी सचिव, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड, दुर्गापुरा, जयपुर के नाम निर्धारित शुल्क का पोस्टल ऑर्डर संलग्न कर 27 जुलाई 2026 सुबह 10 बजे से 29 जुलाई 2026 शाम 6 बजे तक निर्धारित प्रपत्र में अपनी आपत्ति व्यक्तिगत रूप से बोर्ड कार्यालय में जमा करा सकते हैं।
वेबसाइट पर उपलब्ध है उत्तर कुंजी
बोर्ड के अनुसार मास्टर प्रश्न पत्र और प्रारंभिक उत्तर कुंजी आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है, जहां से अभ्यर्थी प्रश्नों और उत्तरों का मिलान कर निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकते हैं।






