जयपुर। एसीबी की कार्रवाई के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्तालय ने सलूंबर में कार्यरत अधिकृत खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी की खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में प्रदत्त शक्तियां तत्काल प्रभाव से वापस ले ली हैं। उन्हें खाद्य सुरक्षा अधिकारी के प्रभार से मुक्त कर मूल विभाग में वापस भेज दिया गया है।

आयुक्तालय ने यह कार्रवाई शिकायत और अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूंबर से प्राप्त तथ्यात्मक रिपोर्ट के आधार पर की है।

तत्काल प्रभाव से खाद्य सुरक्षा अधिकारी के प्रभार से मुक्त

आयुक्तालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार घनश्याम सिंह सोलंकी को तत्काल प्रभाव से खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रूप में दी गई शक्तियों से मुक्त कर दिया गया है।

सोलंकी मूल रूप से वरिष्ठ रेडियोग्राफर के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें पूर्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की शक्तियां प्रदान की गई थीं।

मूल विभाग में लौटने के निर्देश

आदेश में घनश्याम सिंह सोलंकी को तत्काल निदेशक (अराजपत्रित), चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान, जयपुर के समक्ष उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

इसके साथ ही अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सलूंबर को उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय के माध्यम से आयुक्तालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।

पारदर्शिता और जवाबदेही पर जोर

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने विभागीय कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों में नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या नियमों के उल्लंघन की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...