अजीतगढ़,विमल इंदौरिया। शहर में सोमवार को अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन एवं अखिल भारतीय युवा अग्रवाल सम्मेलन के प्रदेश नेतृत्व का पहली बार आगमन हुआ। इस अवसर पर अग्रवाल समाज की ओर से उनका पारंपरिक राजस्थानी रीति-रिवाजों के साथ भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया।
स्वागत समारोह का आयोजन युवा प्रदेश महामंत्री विष्णु चौधरी के नेतृत्व तथा अग्रवाल समाज अजीतगढ़ के अध्यक्ष मुकेश कुमार मित्तल के सहयोग से किया गया।
साफा और माल्यार्पण से किया सम्मान
समारोह में प्रदेश महामंत्री गोपाल अग्रवाल और युवा प्रदेश अध्यक्ष रोहित गर्ग का समाज बंधुओं ने माल्यार्पण कर तथा साफा पहनाकर स्वागत किया। दोनों अतिथियों को ‘जय श्री अग्रसेन’ अंकित दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।
युवाओं की भागीदारी पर दिया जोर
स्वागत से अभिभूत प्रदेश महामंत्री गोपाल अग्रवाल ने कहा कि अजीतगढ़ के समाज बंधुओं का स्नेह उनके लिए अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया।
वहीं युवा प्रदेश अध्यक्ष रोहित गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन के आदर्शों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए युवा शक्ति को आगे आना होगा। उन्होंने विष्णु चौधरी के नेतृत्व में अजीतगढ़ इकाई के कार्यों की भी सराहना की।
समाज में नई ऊर्जा का होगा संचार
कार्यक्रम का संचालन करते हुए युवा प्रदेश महामंत्री विष्णु चौधरी ने सभी अतिथियों एवं समाज बंधुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व का पहला अजीतगढ़ दौरा समाज के लिए गौरव का विषय है और इससे संगठनात्मक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में मुकेश कुमार मित्तल, शिवरतन नरेड़ी, ललित गुप्ता, सत्यनारायण मोदी, बसंत अग्रवाल, रमेश कांडा, विश्वनाथ दिखनी, सुनील दिखनी सहित बड़ी संख्या में समाज बंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के बाद प्रदेश पदाधिकारी सीकर में आयोजित जिला चेयरमैन अमित चिरानिया की 25वीं वैवाहिक वर्षगांठ समारोह में शामिल होने के लिए रवाना हुए।






