सीकर। चिकित्सा विभाग के संयुक्त निदेशक एवं राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के परियोजना निदेशक डॉ. सत्यनारायण धौलपुरिया ने शनिवार को जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गुहाला और सिरोही का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अस्पतालों की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्डों, ओपीडी में मरीजों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सकों एवं स्टाफ की उपस्थिति, जांच सेवाओं, चिकित्सा उपकरणों के रखरखाव, दवाइयों की उपलब्धता, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए किए गए प्रबंधों का अवलोकन किया।
बरसात से पहले तैयारियों पर विशेष जोर
डॉ. धौलपुरिया ने आगामी बरसात के मौसम को देखते हुए अस्पताल भवनों की छतों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए। साथ ही भवनों की स्थिति, फायर सेफ्टी उपकरण, इलेक्ट्रिकल ऑडिट और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को समय पर दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
दवा प्रबंधन और रिकॉर्ड अपडेट करने के निर्देश
उन्होंने अधिकारियों को दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, दवाओं का वैज्ञानिक ढंग से रखरखाव करने, खरीदी गई दवाइयों की लैब जांच कराने तथा सभी प्रविष्टियां समय पर आईएचएमएस पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नीमकाथाना जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. कमल सिंह शेखावत और खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह शेखावत ने अस्पतालों में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी दी।






