लक्ष्मणगढ़। ग्राम हापास के ग्रामीणों ने लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती और क्षेत्र में कार्यरत FRT टीम की कार्यप्रणाली से परेशान होकर अजमेर डिस्कॉम के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने विद्युत व्यवस्था में तत्काल सुधार के साथ जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार 7 से 9 अगस्त के बीच बिना पूर्व सूचना के घंटों बिजली कटौती की गई। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा और कृषि कार्य तथा पशुपालन भी प्रभावित हुए।
तीन दिन की कटौती की जांच की मांग
ज्ञापन में ग्रामीणों ने 7 से 9 अगस्त के दौरान हुई अघोषित बिजली कटौती के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने भविष्य में बिना पूर्व सूचना बिजली कटौती पर रोक लगाने की भी मांग रखी।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति बाधित होने से दैनिक कामकाज के साथ कृषि और पशुपालन से जुड़े कार्यों पर भी असर पड़ रहा है।
FRT टीम की कार्यप्रणाली पर सवाल
ग्रामीणों ने क्षेत्र में कार्यरत FRT टीम की कार्यप्रणाली की जांच कराने और यदि लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
इसके साथ ही गांव में लाइनमैन और स्थायी स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित करने की मांग रखी गई, ताकि बिजली संबंधी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर जल्द समाधान हो सके।
24 घंटे त्वरित शिकायत व्यवस्था की मांग
ग्रामीणों ने उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 24 घंटे कार्यशील हेल्पलाइन या त्वरित शिकायत निस्तारण व्यवस्था शुरू करने की मांग भी की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि ज्ञापन पर जल्द संज्ञान लेकर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो समस्त ग्रामवासी चरणबद्ध आंदोलन और विरोध प्रदर्शन करेंगे।






