लक्ष्मणगढ़। नगरपालिका मंडल के आगामी चुनाव को लेकर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में शुक्रवार को श्याम शरणम् मैरिज गार्डन में बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पार्षद टिकट के दावेदार हाथों में तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए पहुंचे। इस दौरान सभास्थल डोटासरा के समर्थन में लगाए गए नारों से गूंज उठा।

मैरिज गार्डन का मैदान पड़ा छोटा

बैठक में दावेदारों के समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी के चलते आयोजन के लिए मैरिज गार्डन का खुला मैदान इस्तेमाल करना पड़ा।

भीड़ अधिक होने के कारण वक्ताओं ने खड़े होकर ही उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

डोटासरा ने भाजपा पर साधा निशाना

सभा को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान करते हुए लक्ष्मणगढ़ में दोबारा कांग्रेस का बोर्ड बनाने की अपील की।

डोटासरा ने कांग्रेस उम्मीदवारों को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में जुटने का आह्वान किया।

टिकट दावेदारों के आवेदनों पर चर्चा

बैठक के दौरान पीसीसी चीफ डोटासरा ने पार्टी पदाधिकारियों से चुनाव को लेकर फीडबैक लिया।

इसके साथ ही पार्षद पद के दावेदारों की ओर से दिए गए आवेदनों पर विस्तृत चर्चा और परिचर्चा की गई।

इन नेताओं ने भी किया संबोधित

कार्यक्रम को जिला प्रभारी विशाल जांगिड़, सहप्रभारी पीएल प्रजापति, निकाय चुनाव प्रभारी, निवर्तमान चेयरमैन मुस्तफा कुरैशी और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राकेश सिहाग सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने संबोधित किया।

सभा का संचालन पूर्व पार्षद सत्यनारायण सैनी ने किया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस दौरान निवर्तमान पालिका उपाध्यक्ष बनवारी पांडेय, जिला परिषद सदस्य बनवारी ढाका, सुल्तान भास्कर सहित निवर्तमान कांग्रेस पार्षद, टिकट दावेदार, उनके समर्थक और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक को आगामी नगरपालिका चुनाव की तैयारियों और टिकट वितरण से पहले पार्टी की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...