सीकर, त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों में मिलावट पर रोक लगाने के लिए चिकित्सा विभाग ने बुधवार को नीमकाथाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया। टीम ने एक दर्जन से अधिक खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मावा, दूध, घी और विभिन्न मिठाइयों समेत 15 खाद्य नमूने लिए।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत की गई।

मावा, दूध और मिठाइयों के सैंपल लिए

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूलसिंह बाजिया, महमूद अली, नंदराम मीणा और सुरेश कुमार शर्मा की टीम ने नीमकाथाना क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की।

इस दौरान मावा, दूध, घी, मावा पेड़ा, मैदा पेठा, घेवर, मावा बर्फी सहित कुल 15 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा जाएगा।

साफ-सफाई में कमी पर दो फर्मों को नोटिस

निरीक्षण के दौरान बालाजी स्वीट्स और लाला बालाजी मिष्ठान भंडार, नीमकाथाना में हाइजीन एवं साफ-सफाई संबंधी कमियां पाई गईं। विभाग की ओर से दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया है।

अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

28 अगस्त तक चलेगी फेस्टिवल ड्राइव

सीएमएचओ डॉ. महरिया ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए फेस्टिवल ड्राइव 28 अगस्त तक लगातार जारी रहेगी। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा की जांच की जाएगी।

खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों में निर्धारित मात्रा में ही फूड कलर का इस्तेमाल करने तथा आवश्यकता के अनुसार ही मिठाई और अन्य खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए पाबंद किया गया है।

इसके साथ ही कारोबारियों को अवधिपार खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...