सीकर। NEET PG-2026 परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर आंतरिक विद्युत आपूर्ति बाधित होने से प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए पुनर्परीक्षा आयोजित की जाएगी।
राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) की ओर से यह पुनर्परीक्षा 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे आयोजित होगी।
प्रभावित अभ्यर्थियों के लिए होगी पुनर्परीक्षा
जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट आशीष मोदी ने बताया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण जिन अभ्यर्थियों की परीक्षा प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी, उन्हें पुनर्परीक्षा का अवसर दिया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के सफल और सुचारु आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
पुनर्परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने रविवार को सीकर जिला मुख्यालय स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा किया।
उन्होंने ख्वाजा गरीब नवाज प्रशिक्षण संस्थान, विश्व भारती महाविद्यालय और भारतीय शिक्षण संस्थान का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, अभ्यर्थियों की सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
उन्होंने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय रहते पूरी करने के साथ परीक्षा प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखने के निर्देश दिए।
अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नुनावत और सीकर उपखंड अधिकारी सुभाष चंद सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से पुनर्परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने पर जोर दिया जा रहा है।






