सीकर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से विशेष योग्यजनों यानी दिव्यांगजनों को निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत पात्र दिव्यांगजन अपनी आवश्यकता के अनुसार विभिन्न उपकरणों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
विभाग की उप निदेशक प्रियंका पारीक ने बताया कि पात्र आवेदक राजस्थान के SSO पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
SSO पोर्टल से करना होगा ऑनलाइन आवेदन
पात्र दिव्यांगजन SSO पोर्टल पर लॉग-इन कर “SJMS DSAP” (मुख्यमंत्री संयुक्त सहायता अनुदान योजना) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
योजना के तहत 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले पात्र व्यक्ति अपनी आवश्यकता के अनुसार निर्धारित सहायक उपकरणों के लिए आवेदन कर सकेंगे।
इन सहायक उपकरणों के लिए कर सकते हैं आवेदन
योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को आवश्यकता के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से—
- ट्राईसाइकिल
- व्हीलचेयर
- मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल
- श्रवण यंत्र (हियरिंग एड)
- बैसाखी
- वॉकिंग स्टिक
- स्मार्ट कैन
- टीएमएल किट
सहित अन्य आवश्यक दिव्यांग सहायक उपकरण शामिल हैं।
पात्र दिव्यांगजन समय पर करें आवेदन
विभाग ने पात्र दिव्यांगजनों से योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया SSO पोर्टल पर SJMS DSAP के माध्यम से पूरी की जा सकेगी।






