सीकर। राजस्थान नगरीय आधारभूत विकास परियोजना (आरयूआईडीपी) के पांचवें चरण में सीकर जिले के छह शहरों में 142.82 करोड़ रुपये के शहरी विकास कार्य प्रस्तावित किए गए हैं। इनमें सीकर शहर के लिए 52.50 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं, जिनको लेकर मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में स्टेकहोल्डर कंसल्टेशन एवं संवाद कार्यशाला आयोजित की गई।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में जनप्रतिनिधियों, पूर्व पार्षदों, अधिकारियों, प्रबुद्ध नागरिकों, आरयूआईडीपी प्रतिनिधियों और मीडिया सहित विभिन्न हितधारकों से प्रस्तावित परियोजनाओं पर सुझाव और फीडबैक लिया गया।
छह शहरों में 142.82 करोड़ रुपये के काम
आरयूआईडीपी के पांचवें चरण के तहत जिले में प्रस्तावित राशि का शहरवार विवरण इस प्रकार है
- सीकर: 52.50 करोड़ रुपये
- फतेहपुर: 33.90 करोड़ रुपये
- रींगस: 5.82 करोड़ रुपये
- खाटूश्यामजी: 25.14 करोड़ रुपये
- अजीतगढ़: 15.92 करोड़ रुपये
- श्रीमाधोपुर: 10.08 करोड़ रुपये
परियोजनाओं के लिए एशियन डेवलपमेंट बैंक (एडीबी) और विश्व बैंक के वित्तीय सहयोग से शहरी आधारभूत सुविधाओं के विकास और सुधार पर ध्यान दिया जाएगा।
सीकर शहर में ड्रेनेज से लेकर विरासत संरक्षण तक
सीकर शहर के लिए प्रस्तावित 52.50 करोड़ रुपये को तीन प्रमुख क्षेत्रों में खर्च करने की योजना है। इसमें 24.04 करोड़ रुपये अपशिष्ट जल प्रबंधन और शोधित जल के पुनः उपयोग, 11.86 करोड़ रुपये बाढ़ प्रबंधन एवं ड्रेनेज और 16.60 करोड़ रुपये कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, विरासत संरक्षण तथा पर्यटन से जुड़े कार्यों के लिए प्रस्तावित हैं।
परियोजना का उद्देश्य अपशिष्ट जल के बेहतर प्रबंधन, शोधित पानी के पुनः उपयोग और प्रभावी जल निकासी व्यवस्था के साथ बाढ़ प्रबंधन को मजबूत करना है। इसके अलावा शहरी सेवाओं की निगरानी और सीकर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी काम प्रस्तावित है।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से लिए सुझाव
कार्यशाला के खुले संवाद सत्र में प्रतिभागियों ने ड्रेनेज, बाढ़ प्रबंधन, अपशिष्ट जल, शोधित जल के पुनः उपयोग, कमांड एवं कंट्रोल सेंटर, शहरी सुविधाओं और विरासत संरक्षण से जुड़े सुझाव दिए।
प्रतिभागियों ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए आरयूआईडीपी, नगर परिषद और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यशाला में मिले सुझावों को संकलित कर परियोजना के आगामी नियोजन और क्रियान्वयन में आवश्यकतानुसार शामिल किया जाएगा।
विधायक राजेंद्र पारीक ने बताया महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट
सीकर विधायक राजेंद्र पारीक ने आरयूआईडीपी के पांचवें चरण को शहर के लिए महत्वपूर्ण और उपयोगी बताया। उन्होंने परियोजना के लिए राज्य सरकार का आभार जताते हुए नगर परिषद और शहरवासियों की ओर से इसके सफल क्रियान्वयन में सहयोग का आश्वासन दिया।
उन्होंने अधिकारियों से प्रभावी योजना और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों से परियोजना की जानकारी आमजन तक पहुंचाने की अपील की।
समय पर और गुणवत्ता के साथ काम का आश्वासन
आरयूआईडीपी के अधिशासी अभियंता ओमप्रकाश साहू ने प्रेजेंटेशन के जरिए प्रस्तावित कार्यों और उनकी उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कार्यशाला से मिले सुझावों को परियोजना के नियोजन और क्रियान्वयन में आवश्यकतानुसार शामिल किया जाएगा।
उन्होंने परियोजना के कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और समयबद्ध तरीके से पूरा करने का आश्वासन दिया। इस दौरान आरयूआईडीपी के पूर्व चरणों में किए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई।






