सीकर में ACB ने मंगलवार को अयोध्या साइबर पुलिस के सब इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मियों को 2.80 लाख रुपए की कथित रिश्वत के साथ पकड़ा। आरोप है कि पुलिसकर्मी सीकर के एक युवक के खिलाफ दर्ज साइबर ठगी के मामले को रफा-दफा करने के नाम पर रकम लेकर अयोध्या लौट रहे थे।
सीकर-बीकानेर नेशनल हाईवे पर रसीदपुरा टोल के पास ACB टीम ने उन्हें रोका। कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर ACB की गाड़ी को अपनी कार से टक्कर मारकर भागने की कोशिश भी की।
8 लाख रुपए मांगे, पहले 4 लाख लेने का आरोप
सीकर ACB के ASP विजय सिंह के अनुसार, सीकर जिले के परिवादी ने ACB में शिकायत दी थी। शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2024 में उसके खिलाफ अयोध्या साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज हुई थी।
परिवादी का आरोप है कि मामले को रफा-दफा करने के नाम पर पुलिसकर्मियों ने 8 लाख रुपए की मांग की थी। इनमें से 4 लाख रुपए पहले दिए जा चुके थे, जबकि बाद में कथित तौर पर 4 लाख रुपए और मांगे गए।
बाद में 2.80 लाख रुपए में कथित तौर पर समझौता होने की बात सामने आई। आरोपियों ने यह रकम अधिकारियों तक पहुंचाने की बात कही थी।
800 किलोमीटर दूर से रिश्वत लेने पहुंचे थे पुलिसकर्मी
ACB के अनुसार, अयोध्या साइबर पुलिस के सब इंस्पेक्टर यशवंत सिंह और कॉन्स्टेबल गौरव, सोहन व पवन त्रिपाठी परिवादी से कथित रिश्वत लेने के लिए करीब तीन दिन पहले सीकर पहुंचे थे।
रकम लेने के बाद चारों आरोपी कार से अयोध्या लौट रहे थे। परिवादी की सूचना के आधार पर सीकर ACB ने पहले से जाल बिछा रखा था।
टोल पर रोका तो कार से टक्कर मारकर भागने की कोशिश
मंगलवार दोपहर रसीदपुरा टोल के पास ACB टीम ने आरोपियों की कार को रोक लिया। तलाशी के दौरान कार से 2.80 लाख रुपए बरामद किए गए।
ACB के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी रकम के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसी दौरान उन्होंने कथित तौर पर ACB टीम की गाड़ी को अपनी कार से टक्कर मारकर मौके से भागने की कोशिश की।
ACB टीम ने कार्रवाई करते हुए चारों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और मामले में आगे की जांच जारी है।






