सीकर, जिला खेल स्टेडियम, सांवली रोड सीकर में 1 से 23 अक्टूबर 2026 तक अग्निवीर सेना भर्ती रैली आयोजित होगी। रैली में करीब 13 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है।
जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भर्ती रैली से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि रैली के दौरान अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
पहले से संभावित समस्याओं का करें आकलन
जिला कलेक्टर ने कहा कि सभी संबंधित विभाग रैली से पहले व्यवस्थाओं और संभावित समस्याओं का आकलन कर आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रैली स्थल पर पेयजल, शौचालय, मोबाइल टॉयलेट, साफ-सफाई, बेरिकेडिंग, विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सेवाएं, एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा कंप्यूटर और इंटरनेट सहित अन्य जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध रखने को कहा गया है।
पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी जोर
जिला कलेक्टर ने पुलिस विभाग को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ कानून-व्यवस्था और ट्रैफिक प्रबंधन सुचारू रखने के निर्देश दिए।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रैली स्थल के आसपास अस्थाई अन्नपूर्णा रसोई स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
वहीं सेना की ओर से बनाए जाने वाले डॉम और टेंट को सिंथेटिक ट्रैक के बाहर लगाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि खेल स्टेडियम के ट्रैक को नुकसान न पहुंचे।
जयपुर और सीकर क्षेत्र से आएंगे अभ्यर्थी
सेना भर्ती अधिकारी कर्नल हरीशचन्द्र ने बताया कि जिला खेल स्टेडियम, सांवली रोड पर आयोजित होने वाली भर्ती रैली में जयपुर एवं सीकर क्षेत्र के विभिन्न उपखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों से अभ्यर्थी भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि रैली में करीब 13 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, एडीएम सिटी भावना शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह, सीएमएचओ डॉ. अशोक मेहरिया, डीटीओ ताराचंद बंजारा, संयुक्त निदेशक डॉ. एस.एन. चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारी और भारतीय सेना के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।






