अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जिला-सीकर ने जारी किया प्रेस नोट
सीकर। सीकर नगर परिषद चुनाव में टिकट वितरण को लेकर अग्रवाल समाज सहित वैश्य समाज में नाराजगी सामने आई है। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन की सीकर इकाई ने औपचारिक बैठक कर भाजपा द्वारा समाज की कथित अनदेखी पर विरोध जताया।
सम्मेलन की ओर से कहा गया कि अग्रवाल, जैन, माहेश्वरी और खंडेलवाल सहित वैश्य समाज का बड़ा हिस्सा लंबे समय से भाजपा का समर्थक रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि इस बार टिकट वितरण में समाज को अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया।
65 में से केवल दो टिकट देने का आरोप
सम्मेलन के पदाधिकारियों के अनुसार, सीकर नगर परिषद में 65 वार्डों में भाजपा ने अग्रवाल समाज को केवल दो टिकट दिए हैं। उनका आरोप है कि इनमें से एक टिकट ऐसे वार्ड में दिया गया है, जहां पार्टी की जीत की संभावनाएं बेहद कम हैं।
संगठन ने इसे समाज को केवल औपचारिक प्रतिनिधित्व देने की कोशिश बताते हुए भाजपा के टिकट वितरण पर सवाल उठाए हैं।
वार्ड 17 को लेकर जताई नाराजगी
अग्रवाल सम्मेलन ने विशेष रूप से वार्ड संख्या 17 को लेकर आपत्ति जताई है। संगठन का दावा है कि इस वार्ड में मुस्लिम मतदाताओं की संख्या अधिक है और यह परंपरागत रूप से कांग्रेस समर्थित क्षेत्र रहा है।
सम्मेलन के अनुसार, यहां अग्रवाल समाज की एक महिला को भाजपा की ओर से टिकट दिया गया है, जबकि उनका निवास रामपुरा रोड पर होने की बात कही गई है। संगठन का आरोप है कि संबंधित प्रत्याशी को वार्ड के क्षेत्र की पर्याप्त जानकारी नहीं है और वहां समाज के मतदाता भी नहीं हैं।
सम्मेलन ने इसे अग्रवाल समाज को संतुष्ट करने के लिए की गई खानापूर्ति करार दिया है।
भाजपा को परिणाम भुगतने की चेतावनी
अग्रवाल सम्मेलन ने भाजपा के इस रवैये की कड़े शब्दों में निंदा की। संगठन की ओर से कहा गया कि समाज को हल्के में लेने या उसे भ्रमित करने की कोशिश का चुनाव में भाजपा को परिणाम भुगतना पड़ सकता है।
सम्मेलन ने कहा कि अग्रवाल समाज लंबे समय से भाजपा के साथ खड़ा रहा है और पार्टी के गठन से लेकर संगठन को मजबूत करने में समाज ने योगदान दिया है।
प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाएंगे मामला
सम्मेलन ने कहा कि पूरे मामले की जानकारी अब भाजपा के प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाई जाएगी। इसके लिए समाज की ओर से जल्द ही एक शिष्टमंडल जयपुर भेजने की बात कही गई है।
बैठक में टिकट वितरण को लेकर समाज की नाराजगी, राजनीतिक प्रतिनिधित्व और आगामी नगर परिषद चुनाव में अपनाई जाने वाली रणनीति पर चर्चा किए जाने की जानकारी दी गई।






