सीकर, खाद्य वस्तुओं में मिलावट के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को शुद्ध आहार मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
टीमों ने खाद्य सामग्री के सैंपल लेकर उन्हें जांच के लिए जयपुर खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
तंदूरी नाइट से गेहूं के आटे का सैंपल
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी के निर्देशन में कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह बाजिया, महमूद अली, नंदराम मीणा और सुरेश कुमार शर्मा की टीम ने पिपराली रोड स्थित तंदूरी नाइट का निरीक्षण किया।
यहां से गेहूं के आटे का सैंपल लिया गया। निरीक्षण के दौरान कमियां मिलने पर संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया गया।
रेलवे स्टेशन के पास अन्नपूर्णा रसोई की जांच
टीम ने सीकर रेलवे स्टेशन के पास अभिनव सेवा संस्थान द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई का भी निरीक्षण किया।
यहां से चावल और नमक के सैंपल लिए गए। कमियां मिलने पर रसोई संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस देकर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।
पुरानी नगर परिषद के पास भी सैंपल लिए
पुरानी नगर परिषद सीकर के पास खुशबू महिला विकास समिति द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया गया।
यहां से गेहूं का आटा और दाल के सैंपल लिए गए। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के लिए संचालक को इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया गया।
बस डिपो के पास अन्नपूर्णा रसोई पर भी कार्रवाई
टीम ने बस डिपो के पास संचालित अन्नपूर्णा रसोई का निरीक्षण किया। यहां से धनिया पाउडर और गेहूं के आटे के सैंपल लिए गए।
इस रसोई में भी कमियां पाए जाने पर मनोरमा संस्थान को इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया गया।
रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लिए गए सभी खाद्य सामग्री के सैंपल जयपुर खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद जांच के परिणाम के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।






