सीकर, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने गुरुवार को सीकर में आयोजित 75 दिवसीय चतुर्वेद पारायण महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती के 75वें जन्मदिवस समारोह में भाग लिया।
राज्यपाल बागडे ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ में पूर्णाहुति दी तथा स्वामी सुमेधानंद सरस्वती को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
अशोक का पौधा रोपकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
इस अवसर पर राज्यपाल बागडे ने ग्रामीण खेल मैदान में अशोक का पौधा रोपित किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति और वैदिक परंपरा अत्यंत प्राचीन एवं समृद्ध है। विदेशियों ने भी भारत के वेदों का अध्ययन और अनुवाद किया तथा उनसे ज्ञान प्राप्त किया।
राज्यपाल ने कहा कि भारत पर अनेक आक्रमण हुए, लेकिन देश की संस्कृति, परंपराओं और धर्म के प्रति आस्था कभी समाप्त नहीं हुई।
युवाओं को नशे और अपराध से दूर रखने पर जोर
राज्यपाल बागडे ने कहा कि नशा देश की युवा शक्ति को कमजोर कर रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशों से नशे का आना केवल आर्थिक लाभ का विषय नहीं है, बल्कि इससे युवाओं को नशे की ओर धकेलने और देश की तरुण शक्ति को कमजोर करने का प्रयास भी हो रहा है।
उन्होंने युवाओं को नशे एवं अपराध से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
यमुना जल से राजस्थान में बढ़ेगी जल उपलब्धता
राज्यपाल ने कहा कि यमुना का जल राजस्थान तक आने से प्रदेश में जल उपलब्धता बढ़ेगी और अकाल जैसी परिस्थितियों में भी खेती को निरंतर बनाए रखने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व करने वाले लोग राष्ट्रहित और जनकल्याण की भावना से कार्य कर रहे हैं।
प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने पर जोर
राज्यपाल ने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के लिए गोबर की खाद के उपयोग को महत्वपूर्ण बताया। राज्यपाल ने कहा कि राजस्थान में बड़ी संख्या में गौशालाएं हैं और राज्य सरकार द्वारा गौशालाओं को अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने यह भी बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा बैल से खेती को प्रोत्साहित करने के लिए किसानों को 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है।
प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष जोर
राज्यपाल बागडे ने कहा कि बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में उनके बौद्धिक विकास पर विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर शिक्षा की गुणवत्ता कमजोर रहने के कारण आगे चलकर प्रतियोगी परीक्षाओं में अपेक्षित परिणाम प्राप्त नहीं हो पाते। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रारंभिक शिक्षा को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया।
नशे से भावी पीढ़ी को बचाने की जरूरत
इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवासन राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि क्षेत्र में नशे की समस्या तेजी से बढ़ रही है।
उन्होंने भावी पीढ़ी को नशे एवं अपराध से बचाते हुए संस्कारवान एवं जिम्मेदार बनाने की जरूरत बताई।
शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा सीकर
राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवाड़ी ने कहा कि सीकर शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में सीकर की बढ़ती पहचान के कारण आज देशभर में सीकर की चर्चा हो रही है।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में धोद विधायक गोरधन वर्मा, सीकर के पूर्व विधायक रतनलाल जलधारी, जिला कलेक्टर आशीष मोदी और पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






