सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने गुरुवार को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए परिवादियों से सीधे दूरभाष पर संवाद किया। उन्होंने शिकायतों की वास्तविक स्थिति जानी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, प्रभावी एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुनवाई के दौरान जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

छात्रवृत्ति की शेष राशि जारी करने के निर्देश

ढाणी झाझड़िया कल्याणपुरा (थोई) निवासी छात्र शुभम ने बताया कि उसे बीए छात्रवृत्ति की केवल 40 प्रतिशत राशि मिली है। इस पर जिला कलेक्टर ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक प्रियंका पारीक को शेष छात्रवृत्ति राशि शीघ्र जारी करवाने के निर्देश दिए और छात्र को जल्द भुगतान का भरोसा दिलाया।

एम्बुलेंस संचालन की होगी जांच

सीकर शहर के वार्ड नंबर-2 निवासी अशोक कुमार ने जनाना अस्पताल की एम्बुलेंस सेवा को लेकर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि चालक ने वाहन की गति सीमित रखी और रास्ते में चाय पीने के लिए एम्बुलेंस रोक दी, जिससे मरीज को परेशानी हुई।

मामले को गंभीर मानते हुए जिला कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को औचक निरीक्षण कराने तथा जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए।

पेंशन मामले में दी जानकारी, विभाग पर जताई नाराजगी

पिपराली क्षेत्र के गोरू का बास निवासी परिवादी जगदीश ने विधवा पेंशन नहीं मिलने की समस्या बताई। जिला कलेक्टर ने उन्हें सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के ‘समाधान साथी’ व्हाट्सएप चैटबॉट के माध्यम से पेंशन और छात्रवृत्ति की स्थिति जानने की जानकारी दी।

इस दौरान जिला कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं और चैटबॉट की जानकारी आमजन तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंचने पर संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी भी व्यक्त की।

शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

जिला कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समाधान संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाए, ताकि आमजन का प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हो।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...