सीकर जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में फ्लैगशिप योजनाओं, बजट घोषणाओं और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रत्येक परिवाद का समय पर समाधान हो तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि को प्राथमिकता दी जाए।

सड़क मरम्मत में लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी, आरएसआरडीसी और नगर परिषद के अधिकारियों को पिपराली रोड, फतेहपुर रोड और शहर के अन्य हिस्सों में सड़क पर बने गड्ढों की समय पर मरम्मत नहीं होने पर फटकार लगाई।

उन्होंने निर्देश दिए कि बरसात से पहले सभी गड्ढों का पेचवर्क कार्य पूरा किया जाए तथा पिपराली रोड और फतेहपुर रोड पर किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट अगली समीक्षा बैठक में प्रस्तुत की जाए।

फ्लैगशिप योजनाओं और शिविरों की भी समीक्षा

जिला कलेक्टर ने विभिन्न विभागों को राजउन्नति, ग्रामीण सेवा शिविर और शहरी सेवा शिविरों से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविरों में अधिक से अधिक पट्टे जारी किए जाएं तथा लाभार्थियों की प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड की जाए।

उन्होंने राजीविका, सहकारिता विभाग और अग्रणी बैंक प्रबंधक को प्रत्येक विशेष शिविर में कम से कम पांच लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए।

अतिक्रमण, आंगनबाड़ी और भूजल संरक्षण पर भी दिए निर्देश

बैठक में दांतारामगढ़ तहसीलदार को अतिक्रमण हटाने के बाद दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिक्षा विभाग के खाली भवनों को आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने को कहा गया।

जिला कलेक्टर ने एमजेएसए 0.2 के तहत सभी स्वीकृतियां जारी करने और कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत एवं शहरी क्षेत्र में भूजल रिचार्ज स्ट्रक्चर बनाने के निर्देश भी दिए।

प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों पर भी चर्चा

बैठक में 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालोतरा-बाड़मेर दौरे के दौरान आयोजित कार्यक्रम में अधिकाधिक लाभार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) भावना शर्मा, यूआईटी सचिव जे.पी. गौड़, एसीईओ जिला परिषद शीशराम यादव सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...