सीकर, जिला कलेक्टर आशीष मोदी की अध्यक्षता में सोमवार को पीएमश्री विद्यालय, राष्ट्रीय पोषाहार सहायता कार्यक्रम की जिला स्तरीय मिड-डे-मील समीक्षा समिति, जिला स्तरीय निष्पादन समिति एवं जिला निष्पादक समिति साक्षरता की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं, विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हर स्कूल में दीवार पर प्रदर्शित होगा मिड-डे-मील मेन्यू
कलेक्टर आशीष मोदी ने निर्देश दिए कि सभी विद्यालयों में मिड-डे-मील का मेन्यू दीवार पर पेंट करवाकर प्रदर्शित किया जाए।
इसके साथ ही प्रत्येक बालक-बालिका के लिए निर्धारित भोजन की मात्रा भी स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विद्यालयों की मॉनिटरिंग रिपोर्ट नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करवाने और कुक-कम-हेल्पर को नियमित भुगतान सुनिश्चित करने को कहा।
शिक्षक मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट पर फोकस
कलेक्टर ने पलसाना, धोद और खंडेला के सीबीईओ को शिक्षक एप पर वीडियो और प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से अपलोड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षकों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने तथा शैक्षणिक गतिविधियों में अपेक्षित सुधार सुनिश्चित करने को कहा।
अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने और योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए।
जर्जर स्कूल भवनों के प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश
कलेक्टर आशीष मोदी ने पलसाना और खंडेला के सीबीईओ को जर्जर भवनों को जमींदोज करने के प्रस्ताव शीघ्र भिजवाने के निर्देश दिए।
विद्यालयों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
समयसीमा में मॉनिटरिंग और बेहतर परिणाम के निर्देश
बैठक के दौरान शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक विद्यालय और विद्यार्थी तक पहुंचना चाहिए, ताकि जिले की शिक्षा व्यवस्था में गुणात्मक सुधार दिखाई दे और विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं एवं व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके।
ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक एवं माध्यमिक), जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश महर्षि, अधीशाषी अभियंता जलदाय राम कुमार चाहिल सहित समस्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






