सीकर। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सोमवार को अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों और गतिविधियों की ब्लॉकवार समीक्षा की गई।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर अनिल कुमार ने सभी बीसीएमओ और चिकित्सा अधिकारियों को रिपोर्टिंग व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए।

रोजाना तैयार रखें स्वास्थ्य योजनाओं की चेकलिस्ट

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को अपनी टेबल पर प्रतिदिन टीकाकरण, परिवार कल्याण, मौसमी बीमारियों, प्रसव, एचआरपी और एएनसी पंजीकरण सहित प्रमुख गतिविधियों की चेकलिस्ट रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन ब्लॉकों में प्रगति कम है, वहां आगामी बैठक से पहले निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि हासिल की जाए।

साथ ही रिपोर्टिंग करने वाले कंप्यूटर ऑपरेटरों के काम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए, ताकि स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्टिंग व्यवस्था में सुधार हो सके।

181 शिकायतों का समय पर करें निस्तारण

सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया ने अधिकारियों को 181 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लाडो योजना के तहत पात्र लाभार्थियों की लंबित किश्तों का भुगतान करने तथा प्रसव के समय ही आवश्यक दस्तावेज लेकर पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया।

जर्जर भवन में नहीं चलेगा अस्पताल

बरसात के मौसम को देखते हुए सीएमएचओ ने सभी स्वास्थ्य संस्थानों में भवन, फायर और बिजली की ऑडिट करवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी जर्जर भवन में चिकित्सालय का संचालन नहीं किया जाए

इसके अलावा सभी स्वास्थ्य संस्थानों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने, डिजिटल हेल्थ मिशन के तहत अस्पतालों में आभा आईडी के माध्यम से काम करने और 108 एंबुलेंस का समय पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

डायरिया और मौसमी बीमारियों की रोकथाम पर जोर

उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. निर्मल सिंह ने बरसात के मौसम में डायरिया और उल्टी-दस्त की रोकथाम के लिए पानी के सैंपल जांच के लिए एसके अस्पताल भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए एंटी लार्वा गतिविधियां नियमित रूप से संचालित करने पर भी जोर दिया।

टीकाकरण और एएनसी पंजीकरण की समीक्षा

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विशाल सिंह ने बैठक में एएनसी पंजीकरण, प्रसव, टीकाकरण, संपूर्ण टीकाकरण, एमआर प्रथम एवं द्वितीय डोज और एचपीवी टीकाकरण अभियान की ब्लॉकवार प्रगति प्रस्तुत की।

कम उपलब्धि वाले ब्लॉकों के अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

परिवार कल्याण और गुणवत्ता कार्यक्रम की समीक्षा

अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हर्षल चौधरी ने परिवार कल्याण कार्यक्रम और राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम की प्रगति की जानकारी दी।

अधिकारियों ने स्वास्थ्य संस्थानों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और गुणवत्ता सुधार को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग और निक्षय पोषण योजना पर जोर

जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. रतनलाल ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ब्लॉकवार उपलब्धियों की जानकारी दी।

उन्होंने संभावित टीबी मरीजों की स्क्रीनिंग, एक्स-रे जांच और ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

साथ ही निक्षय पोषण योजना के तहत सभी पात्र टीबी मरीजों को योजना का लाभ दिलाने पर जोर दिया गया।

बैठक में जिले के सभी बीसीएमओ और सीएचसी प्रभारी अधिकारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...