निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार संचालित स्कूल निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) गतिविधियों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. राकेश कुमार मीणा ने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी किरण सैनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उन्होंने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में ईसीआई स्वीप कार्यक्रम के तहत जिले के सभी राजकीय एवं निजी माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में ईएलसी गतिविधियों का नियमित आयोजन तथा उनकी रिपोर्ट शाला दर्पण पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। इन गतिविधियों की उच्च स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

लक्ष्य से पीछे रही जिले की प्रगति

निर्वाचन विभाग से प्राप्त समेकित रिपोर्ट के अनुसार सीकर जिले में ईएलसी गतिविधियों की प्रगति निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप नहीं पाई गई।

रिपोर्ट के अनुसार, राजकीय विद्यालयों में जहां 100 प्रतिशत प्रगति अपेक्षित थी, वहां केवल 86.01 प्रतिशत प्रगति दर्ज हुई। वहीं निजी विद्यालयों में यह आंकड़ा 57.88 प्रतिशत रहा, जिससे समेकित उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य की तुलना में काफी कम रही।

दो दिन में मांगा स्पष्टीकरण

अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने कहा कि यह स्थिति ईसीआई स्वीप कार्यक्रम के प्रति गंभीर उदासीनता को दर्शाती है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दो दिवस के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर उप जिला निर्वाचन अधिकारी, सीकर के समक्ष अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।

कार्रवाई की चेतावनी

डॉ. राकेश कुमार मीणा ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं करने अथवा असंतोषजनक जवाब मिलने की स्थिति में इसे स्वीकारोक्ति मानते हुए संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी। इसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...