निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) कार्यक्रम की प्रगति में लापरवाही बरतने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने बताया कि अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने तथा पूर्व में जारी नोटिस का जवाब नहीं देने पर संबंधित नोडल अधिकारी को पुनः कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
यह मामला शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के सभी राजकीय एवं निजी माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक विद्यालयों में संचालित निर्वाचन साक्षरता क्लब (ईएलसी) कार्यक्रम की समेकित प्रगति रिपोर्ट से जुड़ा है।
पहले भी मांगा गया था स्पष्टीकरण
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने बताया कि मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, सीकर में ईएलसी स्कूल की नोडल अधिकारी किरण सैनी को पूर्व में दो दिन के भीतर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर लिखित स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि निर्धारित अवधि समाप्त होने के बाद भी उनका स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं हुआ।
विभागीय कार्रवाई की चेतावनी
प्रशासन ने इसे निर्वाचन संबंधी कार्यों में लापरवाही और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना माना है। इसके चलते संबंधित अधिकारी को दोबारा निर्देश दिए गए हैं कि वे दो दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।






