सीकर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में प्रशिक्षण प्रकोष्ठ की ओर से सेक्टर अधिकारियों एवं एरिया मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
प्रशिक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर आशीष मोदी के निर्देशानुसार आयोजित हुआ।
EVM की कराई गई हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग
डिस्ट्रिक्ट लेवल मास्टर ट्रेनर डॉ. कमलेश और रोहित ने अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया और उनके दायित्वों की जानकारी दी।
इस दौरान अधिकारियों को EVM की हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी कराई गई। इसमें मॉक पोल, EVM सीलिंग, मोबाइल पार्टी से समन्वय और शिकायतों के त्वरित निस्तारण जैसे महत्वपूर्ण विषय समझाए गए।
अधिकारियों को लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की प्रमुख धाराओं के अनुपालन की जानकारी भी दी गई।
मतदान शुरू करने से पहले EVM में शून्य मत सुनिश्चित करें
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अनिल महला ने अधिकारियों को प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी EVM संचालन की पूरी जानकारी हासिल करें और मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का पहले से भौतिक सत्यापन करें।
महला ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि मॉक पोल के बाद मतदान शुरू करने से पहले EVM में शून्य मत सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद ही वास्तविक मतदान प्रक्रिया शुरू हो।
एरिया मजिस्ट्रेट और पुलिस मोबाइल पार्टी में समन्वय
एडीएम नीमकाथाना भागीरथ साख ने एरिया मजिस्ट्रेट को मतदान केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने के निर्देश दिए।
वहीं सेक्टर मजिस्ट्रेट को पुलिस मोबाइल पार्टी के साथ प्रभावी समन्वय बनाए रखने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि किसी भी विवाद या कानून-व्यवस्था से जुड़ी स्थिति में संबंधित अधिकारियों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण जरूरी
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजपाल यादव ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में सेक्टर अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने अधिकारियों को अपने क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए।
मतदान केंद्रों से जुड़ी सूचनाओं को भी लगातार अपडेट रखने को कहा गया। किसी तरह की कमी सामने आने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल सूचना देकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील बूथों पर विशेष निगरानी
प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान केंद्रों की सुरक्षा, संवेदनशील बिंदुओं की पहचान और आपसी समन्वय को लेकर भी जानकारी दी गई।
अधिकारियों को मतदान दिवस पर किए जाने वाले कार्यों और संभावित परिस्थितियों से निपटने की प्रक्रिया के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम में एडीएम सिटी भावना शर्मा, डीआईजी स्टाम्प नीरज मीना, रजिस्ट्रार शेखावाटी विश्वविद्यालय श्वेता यादव, यूआईटी सचिव राजवीर चौधरी, जिला साक्षरता अधिकारी डॉ. सी.पी. महर्षि, चंद्र प्रकाश भड़िया सहित संबंधित एरिया मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।






