सीकर।शुद्ध आहार-मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चिकित्सा विभाग की टीमों ने गुरुवार को सीकर शहर में खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीमों ने सरकारी और निजी अस्पतालों में संचालित कैंटीन के साथ आसपास के भोजनालय, टी स्टॉल और ठेलों पर खाद्य वस्तुओं की जांच की।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी, जिला कलेक्टर आशीष मोदी और सीएमएचओ डॉ. अशोक महरिया के निर्देशन में की गई।

अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीमों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में जांच की। नेहरू पार्क स्थित सरकारी जनाना अस्पताल की कैंटीन से रसगुल्ले का सैंपल लिया गया और कमियां मिलने पर संचालक को सेक्शन 32 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया गया।

फतेहपुर रोड स्थित केजीएन हॉस्पिटल में केजीएन फार्मेसी का निरीक्षण कर बिस्किट का सैंपल लिया गया। यहां भी कमियों में सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया।

सरकारी जनाना अस्पताल के पास स्थित श्री श्याम टी स्टॉल से ब्रेड टोस्ट का सैंपल लिया गया। वहीं पिपराली रोड स्थित श्री बालाजी हॉस्पिटल के पास संचालित कूल सिटी आइसक्रीम एंड बेकर्स में कमियां मिलने पर संचालक को नोटिस दिया गया।

इसके अलावा टीम ने डोमिनोज पिज्जा और श्री बालाजी टी स्टॉल का निरीक्षण किया। पिपराली रोड स्थित श्री गिनजी भोग फास्ट फूड में भी कमियां मिलने पर सुधार के लिए नोटिस दिया गया।

आटा और तेल के सैंपल लिए, अवधिपार कोल्ड ड्रिंक नष्ट

सांवली रोड स्थित श्री श्याम कैंटीन से गेहूं के आटे तथा श्री कृष्णा रेस्टोरेंट से तेल का सैंपल लिया गया। दोनों संचालकों को सुधार के लिए नोटिस दिया गया।

निरीक्षण के दौरान साहिल सरकार के यहां 10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक मिली। अधिकारियों ने संचालक की सहमति से 10 लीटर अवधिपार कोल्ड ड्रिंक नष्ट करवाई।

सैंपल जांच के लिए जयपुर भेजे

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने सभी लिए गए खाद्य पदार्थों के सैंपल को खाद्य जन प्रयोगशाला, जयपुर जांच के लिए भेज दिया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को आमजन को शुद्ध और ताजा खाद्य वस्तुएं उपलब्ध कराने तथा प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...