सीकर। त्योहारों के दौरान आमजन को शुद्ध और ताजा खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण की कार्रवाई तेज कर दी है। सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया।
यह कार्रवाई ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत की गई।
घी और मिठाइयों समेत 14 सैंपल लिए
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक महरिया ने बताया कि जिला कलेक्टर के निर्देशन में जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों फूल सिंह बाजिया, महमूद अली, नंदराम मीणा और सुरेश कुमार शर्मा की टीम ने रामगढ़ शेखावाटी क्षेत्र में विभिन्न खाद्य पदार्थों की दुकानों का निरीक्षण किया।
टीम ने घी, बेसन, रसगुल्ला, मैदा पेठा, मावा पेड़ा और अन्य मिठाइयों सहित कुल 14 खाद्य सैंपल लिए।
सभी सैंपल जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला, जयपुर भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिठाई कारोबारियों को दिए जरूरी निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य व्यापारियों को मांग और आवश्यकता के अनुसार ही मिठाई तैयार करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही तैयार मिठाइयों का अनावश्यक रूप से भंडारण नहीं करने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई बनाए रखने के लिए पाबंद किया गया।
विभाग ने त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर व्यापारियों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।
खरीदारी करते समय एक्सपायरी डेट जरूर देखें
खाद्य सुरक्षा अधिकारी फूल सिंह बाजिया ने आम उपभोक्ताओं से भी सावधानी बरतने की अपील की।
उन्होंने कहा कि खाद्य सामग्री खरीदते समय निर्माण तिथि और अवधिपार तिथि (Expiry Date) जरूर जांचें। पैकिंग, गुणवत्ता और खाद्य पदार्थ की स्थिति देखकर ही सामग्री खरीदें।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावट के खिलाफ निरीक्षण और सैंपलिंग की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।






