सीकर के अजीतगढ़ में 17 अगस्त को एसओजी जयपुर के पुलिस महानिरीक्षक अजयपाल लाम्बा ने इंडियन रेडक्रॉस कार्यालय का निरीक्षण किया और सोसायटी की गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने राजस्थान पुलिस के साथ मिलकर किए गए नवाचारों की फाइल का अवलोकन कर टीम के कार्यों की सराहना की।
पुलिस से जुड़े अभियानों के कार्यों की सराहना
निरीक्षण के दौरान लाम्बा ने रेडक्रॉस सोसायटी और राजस्थान पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में किए गए विभिन्न कार्यों की जानकारी ली। इनमें सड़क सुरक्षा सप्ताह, महिला सुरक्षा सखी, ऑपरेशन आवाज, सुरक्षा सखी पखवाड़ा और पुलिस अधिकारियों के सम्मान समारोह जैसे कार्यक्रम शामिल रहे।
इसके अलावा महिला सुरक्षा एवं बाल अपराध रोकथाम और ऑपरेशन गरिमा अभियान के तहत स्कूल-कॉलेजों में शिकायत पेटियां लगाने जैसे कार्यों की भी उन्होंने सराहना की।
लाम्बा ने रेडक्रॉस टीम को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
‘रेडक्रॉस मानवता की सबसे बड़ी पहचान’
आईजी अजयपाल लाम्बा ने कहा कि रेडक्रॉस मानवता की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों से पुलिस के साथ सहयोग करने तथा समाज में सुरक्षा का वातावरण मजबूत करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों और संदिग्ध लोगों पर नजर रखकर पुलिस को तत्काल सूचना दी जानी चाहिए। समय पर सूचना मिलने से पुलिस अपराध होने से पहले ही कार्रवाई कर सकती है और अपराधियों को पकड़ने में मदद मिल सकती है।
तहसील प्रभारी ने दी कार्यों की जानकारी
इस दौरान रेडक्रॉस सोसायटी के तहसील प्रभारी कपिल मीणा ने सोसायटी की ओर से किए गए कार्यों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी आईजी लाम्बा को दी।
मौके पर पवन टांक और धर्मा सैनी भी मौजूद रहे।
पहले भी रेडक्रॉस को दे चुके हैं प्रशंसा पत्र
गौरतलब है कि 16 जून 2025 को जयपुर रेंज आईजी के पद पर रहते हुए अजयपाल लाम्बा ने रेडक्रॉस सोसायटी को प्रशंसा पत्र भी प्रदान किया था।
वर्तमान निरीक्षण के दौरान भी उन्होंने सोसायटी की ओर से पुलिस और समाज के बीच सहयोग बढ़ाने वाले कार्यों की सराहना की तथा टीम को आगे भी सक्रियता से काम करने के लिए प्रोत्साहित किया।






