सीकर में शनिवार, 15 अगस्त को 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। जिला खेल स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने ध्वजारोहण किया और विभिन्न टुकड़ियों की परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।

पुलिस उपाधीक्षक विजय पाल यादव के नेतृत्व में आर्म्ड पुलिस, राजस्थान पुलिस, महिला एवं पुरुष होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट-गाइड और गौरव सैनानी की टुकड़ियों ने संयुक्त मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।

परेड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में सेंट मेरी स्कूल और प्रिंस एजुकेशन स्कूल के बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति दी। पीएमश्री राधाकृष्ण मारू राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं और पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय राधाकिशनपुरा की बालिकाओं ने देशभक्ति गीतों से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

वहीं 25 शिक्षण संस्थानों के 759 विद्यार्थियों ने शारीरिक शिक्षक राजवीर सिंह शेखावत के नेतृत्व में सामूहिक व्यायाम प्रदर्शन किया। अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा ने समारोह में राज्यपाल के संदेश का पठन किया।

खर्रा बोले- आजादी के लिए महिलाओं ने भी दिया बड़ा योगदान

मुख्य अतिथि मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में केवल पुरुष और युवा क्रांतिकारियों ने ही नहीं, बल्कि महिलाओं ने भी अदम्य साहस और वीरता का परिचय दिया। उन्होंने बंगाल की शांति घोष और सुनीति चौधरी सहित महिला क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया।

उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी मीरा आर्य के साहस और बलिदान का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे वीरों के त्याग और संघर्ष के कारण देश को आजादी मिली। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए उनके बलिदान को हमेशा याद रखने का आह्वान किया।

2047 तक विकसित भारत का संकल्प

मंत्री खर्रा ने कहा कि भारतीय वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं ने महामारी के दौरान वैक्सीन विकसित करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की। उन्होंने कहा कि भारत मोबाइल तकनीक, आधुनिक हथियारों और अन्य क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि 2047 में आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में सभी अपनी भूमिका निभाएं।

शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

मुख्य समारोह से पहले मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने जिला मुख्यालय स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान जिला कलेक्टर आशीष मोदी, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, नेता प्रतिपक्ष अशोक चौधरी और जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल अनिल कुमार पुनिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

शहीद वीरांगनाओं का किया सम्मान

समारोह में शहीद वीरांगनाओं मोहनी देवी, सरिता, कोयली, जीवनी देवी, चावली देवी, सुमन देवी, सुबिता देवी, भंवरी देवी, सरोज देवी, रहमत बानो, महबुब बानो, सुशीला कंवर, मंजू और विनोद कंवर को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियों, कार्यों और सेवाओं के लिए 48 प्रतिभाओं को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, चिकित्सा, खेल, सामाजिक सेवा, पत्रकारिता और अन्य क्षेत्रों से जुड़े लोग एवं संस्थाएं शामिल रहीं।

मतदाता जागरूकता की दिलाई शपथ

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर आशीष मोदी ने समारोह में उपस्थित लोगों को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी और मतदान के महत्व का संदेश दिया।

समारोह में जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड पार्षद, शहीद वीरांगनाएं, गणमान्य नागरिक, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और मीडियाकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सैनिक वीरांगना एवं व्याख्याता डाइट सरोज लोयल तथा जिला साक्षरता अधिकारी चंद्रप्रकाश महर्षि ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम का समापन वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...