सीकर, 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को सीकर के जिला खेल स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री झाबर सिंह खर्रा मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य समारोह में सुबह 9:02 बजे मंत्री झाबर सिंह खर्रा ध्वजारोहण करेंगे। इससे पहले वे शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे।
मार्च पास्ट की लेंगे सलामी
ध्वजारोहण के बाद राज्य मंत्री खर्रा परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद आरएसी, राजस्थान पुलिस और होमगार्ड सहित विभिन्न टुकड़ियों के संयुक्त मार्च पास्ट की सलामी लेंगे।
समारोह के दौरान राज्यपाल के संदेश का पठन अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. राकेश कुमार मीणा द्वारा किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों, अधिकारियों, कार्मिकों एवं अन्य सहभागियों को मतदाता शपथ भी दिलाई जाएगी।
समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ होगा।
कलेक्ट्रेट में सुबह 8 बजे होगा ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को सीकर कलेक्ट्रेट परिसर में सुबह 8 बजे जिला कलेक्टर आशीष मोदी ध्वजारोहण करेंगे। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेंगे।






